Tamil Nadu Minister Jagadeeswari Controversial Statement
Tamil Nadu Minister Jagadeeswari Controversial Statement: तमिलनाडु सरकार की मंत्री के. जगदीश्वरी अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं. उन्होंने स्कूलों में अजीबोगरीब और फैशनेबल हेयरस्टाइल बनाकर आने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की वकालत की है. मंत्री ने यहां तक कह दिया कि अगर कोई छात्र अनुचित हेयरकट बनाकर स्कूल आता है, तो उसका सिर पूरी तरह मुंडवा देना चाहिए. उनके इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है. मंत्री ने बच्चों के अनुशासन के लिए माता-पिता को भी जिम्मेदार ठहराया है.
सरकारी स्कूल के कार्यक्रम में दिया विवादित बयान
दरअसल, तमिलनाडु की मंत्री के. जगदीश्वरी विरुधुनगर जिले के करियापट्टी के पास स्थित अयान रेड्डियापट्टी सरकारी प्राथमिक स्कूल पहुंची थीं. यहां स्कूल की बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में मंत्री के साथ दूसरे मंत्री वन्नियारसू और विरुधुनगर की जिला कलेक्टर सरन्या अरी भी मौजूद थीं. कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री ने उनके पहनावे और हेयरस्टाइल को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि आजकल कई छात्र ऐसे हेयरकट बनवाकर स्कूल आते हैं, जिससे उनका लुक असामाजिक तत्वों और गुंडों जैसा दिखाई देता है. मंत्री के मुताबिक, स्कूलों में इस तरह के फैशन और दिखावे को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए.
‘अजीब हेयरकट हो तो पूरा सिर मुंडवा दीजिए’
मंत्री के. जगदीश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि अगर कोई छात्र अनुचित या अजीबोगरीब हेयरस्टाइल बनवाकर स्कूल आता है, तो उसका पूरा सिर मुंडवा देना चाहिए. उन्होंने इस कार्रवाई को गलत मानने से भी इनकार किया. मंत्री ने कहा, ”अगर छात्र अनुचित या अजीब हेयरकट के साथ स्कूल आते हैं, तो उनका सिर पूरी तरह से मुंडवा दीजिए. ऐसा करने में कुछ भी गलत नहीं है. मैं उन्हें अपने खुद के बच्चे समझकर ही यह बात कह रही हूं.” उनके इस बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है. बच्चों के हेयरस्टाइल को लेकर इस तरह की सख्त कार्रवाई की सलाह देने पर उनके बयान की चर्चा हो रही है.
माता-पिता को भी ठहराया जिम्मेदार
मंत्री ने केवल छात्रों के हेयरस्टाइल पर ही सवाल नहीं उठाए, बल्कि बच्चों को इस तरह के फैशन ट्रेंड अपनाने की छूट देने वाले माता-पिता की भूमिका पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासनहीनता की शुरुआत अक्सर घर से होती है. जब माता-पिता अपने बच्चों को मनमाने फैशन और हेयरस्टाइल अपनाने की खुली छूट देते हैं, तो इसका असर उनके व्यवहार पर भी पड़ता है. मंत्री के मुताबिक, अगर घर में ही बच्चों को अनुशासन का महत्व समझाया जाए और जरूरी सख्ती बरती जाए, तो स्कूलों में इस तरह की समस्याएं पैदा नहीं होंगी.
कौन हैं मंत्री के. जगदीश्वरी?
के. जगदीश्वरी तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय हैं और विरुधुनगर जिले के राजपालयम इलाके से जुड़ी हैं. सरकार में उनके पास समाज कल्याण एवं महिला विकास विभाग के साथ पौष्टिक आहार योजना की भी जिम्मेदारी बताई गई है. सरकारी स्कूल के कार्यक्रम में दिया गया उनका यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है. खास तौर पर छात्रों के व्यक्तिगत लुक, स्कूलों में अनुशासन और बच्चों पर सख्ती को लेकर मंत्री की टिप्पणी ने नई बहस छेड़ दी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





