Tamil Nadu government formation suspense: कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विजय की पार्टी TVK ने उनसे संपर्क कर समर्थन की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस मामले पर राज्य कांग्रेस नेताओं को फैसला लेने का निर्देश दिया गया है. सोशल मीडिया पर वेणुगोपाल ने लिखा कि TVK अध्यक्ष थिरु विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस का सहयोग मांगा है और अपने राजनीतिक मिशन में कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है. इस बीच, विजय को विधायक दल का नेता भी चुन लिया गया है.
कांग्रेस का रुख साफ
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि तमिलनाडु में जनता ने धर्मनिरपेक्ष सरकार के पक्ष में जनादेश दिया है. पार्टी का इरादा है कि भाजपा या उसके सहयोगी किसी भी तरह से राज्य की सत्ता पर काबिज न हों. इसी वजह से अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस को राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लेने के लिए कहा गया है.
विधानसभा का गणित
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है. TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन उन्हें 108 सीटें मिलीं, यानी बहुमत से 10 सीटें कम. DMK गठबंधन को 73 सीटें मिलीं, जिनमें DMK ने 59 पर जीत दर्ज की. कांग्रेस ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और 5 सीटें जीतीं. वहीं VCK, CPI और CPI(M) को दो-दो सीटें मिलीं.
सहयोगी दलों का रुख
VCK अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने कहा कि पार्टी ने विजय को समर्थन देने पर अभी कोई फैसला नहीं किया है और इस पर लेफ्ट पार्टियों से चर्चा के बाद ही निर्णय होगा. DMDK नेता प्रेमलता विजयकांत ने भी विजय को समर्थन देने से इनकार किया और कहा कि उनकी पार्टी DMK नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस में बनी रहेगी. लेफ्ट दलों ने भी संकेत दिया है कि वे समय आने पर अपना रुख तय करेंगे.
ये भी पढ़ें-बंगाल जीत पर डोनाल्ड ट्रंप ने दी पीएम मोदी को दी बधाई, कहा- ऐतिहासिक जनादेश
तमिलनाडु में सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है. TVK बहुमत से थोड़ी दूर है और अब कांग्रेस व अन्य सहयोगी दलों के फैसले पर ही आगे की राजनीति निर्भर करेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




