बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को वक्फ संशोधन विधेयक पर एक अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो बिहार में वक्फ संशोधन विधेयक को किसी भी हाल में लागू नहीं होने दिया जाएगा, और इसे कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा.
पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करते हुए लोकसभा और राज्यसभा में मजबूती से अपनी आवाज उठाई है और इसके खिलाफ वोट दिया है.
मुसलमानों के हितैषी होने का ढोंग करते हैं- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि जो लोग मुसलमानों के हितैषी होने का ढोंग करते हैं, उनकी पोल अब खुल चुकी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब राजद की सरकार बनेगी, तो वक्फ संशोधन विधेयक को लागू नहीं होने दिया जाएगा. इस विधेयक को असंवैधानिक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह संविधान के आर्टिकल 26 का उल्लंघन करता है. भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे लगातार संविधान विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं. राजद इस विधेयक के खिलाफ अदालत तक जाएगी और सदन से लेकर सड़क तक इसकी खिलाफत करती रहेगी.
तेजस्वी यादव ने जोर देते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों पर कायम है और यह विधेयक पूरी मजबूती से विरोध करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कीमत पर देश के संविधान के खिलाफ उठाए गए कदमों को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा.
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस अहम मुद्दे पर चुप हैं. मुख्यमंत्री की चुप्पी से यह साफ है कि राज्य की सरकार किस दिशा में चल रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 65 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था को भी रुकवाया और अब वे मुसलमानों के हित की बात कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की राजनीति से कुछ हासिल नहीं होगा. भाजपा और आरएसएस का उद्देश्य हमेशा से ही पिछड़े, दलित, आदिवासी और अतिपिछड़ा समुदाय के अधिकारों को रोकना रहा है.
तेजस्वी यादव ने अंत में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपनी राय रखनी चाहिए, लेकिन वे इस पर चुप हैं, जो राज्य सरकार की कार्यशैली को उजागर करता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




