Bharat Express DD Free Dish

ठाकरे बंधुओं की जोड़ी फिर एक साथ, मुंबई-ठाणे में मिलकर लड़ेंगे चुनाव, बीजेपी ने कसा तंज

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा मोड़ आया है. उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे (Raj Thackeray) की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने साथ मिलकर निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है.

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा मोड़ आया है. उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे (Raj Thackeray) की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने साथ मिलकर निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है. शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने बताया कि दोनों पार्टियां मुंबई, ठाणे, नासिक और कल्याण-डोंबिवली में गठबंधन करके मैदान में उतरेंगी.

संजय राउत ने क्या कहा?

संजय राउत ने कहा,

“राज और उद्धव ठाकरे की ताकत मराठी भाषियों की एकता है. अब कोई भी ताकत ‘मराठी मानुस’ की लौह मुट्ठी को नहीं तोड़ सकती. मराठी भाषा को लेकर दोनों नेता पहले भी एकजुट होकर आंदोलन कर चुके हैं, जिसके चलते सरकार को स्कूलों में हिंदी की अनिवार्यता वापस लेनी पड़ी थी.”

13 साल बाद मातोश्री गए थे राज ठाकरे

राज ठाकरे (Raj Thackeray) हाल ही में 13 साल बाद मातोश्री पहुंचे थे और उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दी थीं. यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में रही और अब दोनों के साथ आने की खबर ने हलचल और बढ़ा दी है.

इसे भी पढ़ें-महाराष्ट्र-हरियाणा से आए सरपंचों ने कहा- पीएम मोदी को लालकिले के प्राचीर से सुनकर गर्व महसूस हुआ

बीजेपी का ठाकरे भाईयों पर तंज

हालांकि बीजेपी ने इस गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि शिवसेना (यूबीटी) को मराठी मतदाताओं की याद सिर्फ चुनावी मौसम में आती है. मंत्री गिरीश महाजन ने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में मराठी वोटर बीजेपी के साथ थे और अब उन्हें गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. वहीं विधायक प्रवीण दरेकर ने इसे संजय राउत की अटकलबाजी बताया.

इसे भी पढ़ें-Vice Presidential Election की हलचल तेज, बीजेपी की बैठक, एनडीए का शक्ति प्रदर्शन और विपक्ष की रणनीति

अब देखना यह होगा कि ठाकरे बंधुओं की यह जोड़ी मैदान में कितनी मजबूती से उतरती है और मराठी मतदाताओं का रुख किस ओर जाता है. चुनावी मौसम में यह गठबंधन महाराष्ट्र की राजनीति को नया रंग दे सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read