Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें वह परिवार के साथ ताश खेलते हुए हंसी-ठिठोली कर रहे थे. वीडियो में शुभम कह रहे हैं, “मैं सबको हरा दूंगा.” लेकिन किसे पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी मुस्कान होगी. 17 अप्रैल को शुभम अपने पूरे परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे. शादी को कुछ ही महीने हुए थे. लेकिन पहलगाम में आतंकियों की गोली ने सब कुछ बदल दिया.
हमले का दर्दनाक मंजर
शुभम अपनी पत्नी के साथ पहलगाम पहुंचे थे. परिवार के बाकी सदस्य नीचे रुके हुए थे. जैसे ही शुभम पहलगाम पहुंचे, आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी. शुभम के चचेरे भाई ने बताया कि भाभी ने फोन पर सूचना दी थी कि शुभम को गोली मार दी गई है.
पत्नी की आंखों के सामने उजड़ा सपना
जब शुभम पर हमला हुआ, तो उनकी पत्नी भी साथ थीं. पत्नी ने आतंकियों से कहा, “मुझे भी मार दो.” लेकिन आतंकियों ने कहा, “तुम जिंदा रहो, ताकि जाकर सरकार को बताओ कि हमने क्या किया है.”
ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: 2 महीने पहले हुई थी शादी, आतंकियों ने पत्नी के सामने ही कर दिया कानपुर के शुभम का कत्ल
कानपुर में मचा कोहराम
जैसे ही शुभम की मौत की खबर कानपुर पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया. शुभम के पिता संजय द्विवेदी कानपुर में सीमेंट के व्यापारी हैं. परिवार वालों ने मांग की है कि सरकार को आतंकियों से बदला लेना चाहिए और शुभम का शव जल्द से जल्द घर पहुंचाया जाए.
भयानक आतंकी हमला, 26 लोगों की मौत
मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन इलाके में बड़ा आतंकी हमला हुआ. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई. कई घायल भी हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। देशभर में इस हमले को लेकर गुस्सा है. आतंकियों की तलाश के लिए सेना, सीआरपीएफ, एसओजी और जम्मू पुलिस ने ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
जांच में जुटी एनआईए और फॉरेंसिक टीमें
एनआईए की टीमें दिल्ली और जम्मू से रवाना हो चुकी हैं. फॉरेंसिक टीमें भी जल्द घटनास्थल पर पहुंचेंगी. हेलीकॉप्टर और ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी हो रही है. पहलगाम में ऑपरेशन के बाद एनआईए वहां जांच शुरू करेगी. मारे गए लोगों के शवों को पहलगाम अस्पताल से श्रीनगर भेजा गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




