Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बारिश-ओलों और बर्फबारी ने बदला मौसम का मिजाज, राज्यों में अलर्ट जारी, जानें आज के मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ी है, वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी है. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश, आंधी और कोहरे का असर देखने को मिल रहा है.

Today Weather update

देश के बड़े हिस्से में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कहीं झमाझम बारिश और ओले लोगों को ठिठुरा रहे हैं तो कहीं बर्फबारी ने पहाड़ों की रफ्तार थाम दी है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी हिस्सों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. आइए जानते हैं दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत पूरे अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

दिल्ली-NCR: बारिश, ओले और सर्द हवाएं

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ हुई बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि ने ठंड को और बढ़ा दिया. तेज हवाओं के चलते तापमान गिर गया और दिनभर मौसम सर्द बना रहा. पालम, रिज और पीतमपुरा समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक 1 और 2 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बर्फ की सफेद चादर

कश्मीर घाटी में सर्दी अपने चरम पर है. श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी है. गुलमर्ग में तापमान माइनस 9 से माइनस 10 डिग्री तक गिर सकता है. बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू हाईवे और पहाड़ी रास्तों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है. प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

शिमला में कड़ाके की ठंड

हिमाचल की राजधानी शिमला में बर्फबारी के बाद ठंड और बढ़ गई है. दिन का तापमान 8 डिग्री के आसपास और रात में शून्य के करीब बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. कई सड़कें फिसलन भरी हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है.

आंधी-ओले से फसलों को नुकसान

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक रौद्र रूप दिखाया है. आगर-मालवा, शाजापुर, गुना समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है. 18 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी की शुरुआत भी ठंडी और भीगी रह सकती है.

बारिश, वज्रपात और घना कोहरा

उत्तर प्रदेश में 28 जनवरी को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी यूपी में वज्रपात का खतरा ज्यादा है, जबकि पश्चिमी यूपी में अगले दिन से घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट से ठिठुरन बढ़ेगी.

वहीं, प्रयागराज में सुबह घना कोहरा छाने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. दृश्यता 50-200 मीटर तक घट सकती है. ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम ज्यादा सर्दी महसूस होगी.

राजस्थान: माउंट आबू में धूप, लेकिन ठंड कायम

राजस्थान के माउंट आबू में मौसम साफ और धूप वाला है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बनी हुई है. न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 23-24 डिग्री तक जा सकता है. हल्का कोहरा देर रात दिखाई दे सकता है.

ये भी पढ़ें: हॉस्टल मालिक समेत 11 लोग शक के घेरे में, DNA रिपोर्ट तय करेगी NEET छात्रा का कातिल कौन?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital