Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

कानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के दो चिकित्सा शिक्षक बर्खास्त

कानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के दो चिकित्सा शिक्षकों को ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर बर्खास्त कर दिया गया. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई करते हुए रोगियों को प्राथमिकता देने की बात की.

Government Medical College Kanpur
Aarika Singh Edited by Aarika Singh

ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित कानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के दो चिकित्सा शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है. उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. रोगियों को उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

डिप्टी सीएम ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज, कानपुर के प्रवक्ता डॉ. वैभव श्रीवास्तव को बर्खास्त कर दिया गया है. डॉ. वैभव ने मार्च 2014 में प्रवक्ता का पद ग्रहण किया था. वर्ष 2017 में बगैर शासन की अनापत्ति के डीएम पाठ्यक्रम में स्टडी हेतु जाने तथा अनाधिकृत रूप से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने हेतु जांच में दोषी पाए जाने पर इनके विरुद्ध उक्त कार्रवाई की गई है.

डॉ. के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का आदेश

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि लोक सेवा आयोग से चयनित राजकीय मेडिकल, कॉलेज कानपुर में तैनात सहायक आचार्य, न्यूरो सर्जरी विभाग डॉ. सौरभ दुबे नवंबर 2023 से लगातार अनाधिकृत रूप से बिना सूचना अनुपस्थित रहने का मामला सामने आने पर डॉ. दुबे को बर्खास्त कर दिया गया है.

वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कानपुर में ही तैनात रहे सह-आचार्य, न्यूरो सर्जरी विभाग डॉ. राघवेंद्र गुप्ता द्वारा कानपुर एवं फतेहपुर में प्राइवेट प्रैक्टिस किए जाने का मामला सामने आने पर विगत माह में डॉ. गुप्ता को कानपुर से राजकीय मेडिकल कॉलेज झांसी स्थानांतरित कर दिया गया था. डॉ. गुप्ता के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए गए हैं. साथ ही कमिश्नर कानपुर मंडल को जांच अधिकारी भी नामित किया गया है.

उप प्रधानाचार्यों की होगी नियुक्ति, कमेटी गठित

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं स्वशासी मेडिकल कॉलेज में रिक्त उप प्रधानाचार्यों के पदों पर नियुक्ति हेतु प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा की अध्यक्षता में पांच सदस्यों की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं. उक्त कमेटी द्वारा विभिन्न चिकित्सा शिक्षकों के साक्षात्कार कर उनकी प्रशासनिक क्षमता एवं दक्षता का आंकलन करते हुए सुयोग्य उप प्रधानाचार्यों की नियुक्ति करेगी.

अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश

अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर, कानपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार सौरभ गौड़ एवं डॉ. नायला आफसीन, चिकित्साधिकारी, अम्बेडकर नगर के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को दिए गए हैं.

वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी श्रावस्ती के अधीन तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. अजय आनंद को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर नगर में इलाज हेतु आने वाले विभिन्न रोगियों की सुविधा हेतु इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात कर दिया गया है. साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज, आगरा से डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में प्रतिनियुक्ति पर इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में तैनात सहायक आचार्य डॉ. उत्कर्ष कुमार श्रीवास्तव की प्रतिनियुक्ति अविध भी दो वर्ष के लिए बढ़ा दी गई है.


ये भी पढ़ें: बीजेपी ने कांग्रेस के दावों की खोली पोल, एनडीए के कार्यकाल में पैदा हुई 17.9 करोड़ नौकरियां


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital