Bharat Express DD Free Dish

जम्मू-कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ने की ओर मोदी सरकार की स्वर्णिम पहल, आर्थिक समृद्धि और सामाजिक समरसता की नई उड़ान

उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक प्रयास है. यह परियोजना क्षेत्र में आर्थिक विकास, रोजगार, पर्यटन और सामाजिक समरसता को नई दिशा दे रही है.

PM Modi

जम्मू-कश्मीर का जिक्र आते ही आंखों के सामने हसीन वादियां, बर्फ से ढके पहाड़ और सेब के बाग छा जाते हैं. जम्मू-कश्मीर, भारत का वह मुकुटमणि भी है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर के लिए विश्वविख्यात है, लेकिन अब ये इलाका सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए ही नहीं, बल्कि तरक्की की नई राहों के लिए भी चर्चा में है. इसमें सबसे बड़ा रोल निभा रही है यूएसबीआरएल यानी उधमपुर- श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना. यह कोई साधारण रेलवे प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए उम्मीद की किरण है.

मोदी सरकार की यह परियोजना एक ऐसा सेतु है, जो जम्मू-कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से जोड़कर आर्थिक समृद्धि, सामाजिक एकता और रणनीतिक मजबूती का मार्ग प्रशस्त करेगी. यह परियोजना न सिर्फ भौगोलिक दूरी को कम करेगी, बल्कि दिलों को भी करीब लाएगी. जानना दिलचस्प है कि यह परियोजना कैसे लोकल लोगों की जिंदगी को नई दिशा दे रही है.

रास्तों का जाल, जिंदगी आसान

जम्मू-कश्मीर का इलाका ऐसा है कि यहाँ पहाड़ और घाटियां रास्तों को मुश्किल बना देते हैं. सड़कें तो हैं, पर बर्फबारी या भूस्खलन होते ही सब ठप. ऐसे में यूएसबीआरएल एक बड़ा तोहफा लेकर आई है. यह रेल लाइन उधमपुर से शुरू होकर श्रीनगर और बारामूला तक पहुँचेगी. यानी कश्मीर अब देश के बाकी हिस्सों से सीधे जुड़ जाएगा. अब ना सड़क के लंबे सफर की टेंशन, ना मौसम की मार. चाहे रिश्तेदारों से मिलने जाना हो, सामान लाना हो या कहीं काम से निकलना हो, सब आसान हो जाएगा.

आर्थिक विकास का आधार

जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, बागवानी और पर्यटन पर निर्भर है. हालांकि, परिवहन सुविधाओं की कमी ने इन क्षेत्रें के विकास को सीमित रखा है. यूएसबीआरएल परियोजना के पूरा होने से स्थानीय उत्पादों जैसे सेब, केसर, अखरोट और हस्तशिल्प को देश भर के बाजारों तक पहुँचाने में आसानी होगी. इससे न केवल किसानों और कारीगरों की आय बढ़ेगी, बल्कि छोटे उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा. पर्यटन के क्षेत्र में भी यह परियोजना क्रांतिकारी साबित होगी. कश्मीर घाटी की खूबसूरती को देखने के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी.

कमाई के नए मौके

इस प्रोजेक्ट से सबसे बड़ा फायदा है रोजगार का. रेल लाइन बिछाने के दौरान मजदूरों से लेकर इंजीनियरों तक सबको कुछ न कुछ काम मिला. जब यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, तब कारोबार और टूरिज्म में उछाल आएगा ही. जैसा कि पहले कहा गया है कि, कश्मीर के सेब, केसर, शॉल और ड्राई फ्रूट्स अब देश भर में आसानी से पहुँचेंगे. छोटे दुकानदार हों या किसान, सबकी जेब में ज्यादा पैसा आएगा. यानी घर में खुशहाली और बच्चों के लिए बेहतर भविष्य होगा.

टूरिज्म की रौनक

कश्मीर को ‘जन्नत’ कहते हैं, पर पहुँचने की मुश्किलों की वजह से कई टूरिस्ट हिचकते थे. अब रेल लाइन शुरू होने से टूरिस्टों की भीड़ बढ़ेगी. इससे होटल वाले, ढाबे चलाने वाले, गाइड और लोकल दुकानदारों की चांदी हो जाएगी. कटड़ा से संगलदान तक का हिस्सा भी तैयार होने को है, जो वैष्णो देवी जाने वालों के लिए भी राह आसान करेगा. टूरिज्म बढ़ेगा तो पैसा आएगा और ये पैसा सीधा लोकल लोगों की जिंदगी बेहतर करेगा.

प्रधानमंत्री बार-बार कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर धरती का स्वर्ग है और इसे दुनिया के सामने लाना हमारा कर्तव्य है. यूएसबीआरएल के जरिए टूरिज्म को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रही है. कटड़ा से संगलदान तक का हिस्सा वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राह आसान करेगा, तो श्रीनगर और बारामूला तक रेल पहुँचने से घाटी की खूबसूरती देखने वालों की संख्या बढ़ेगी. प्रधानमंत्री का मानना है कि इससे होटल, परिवहन और लोकल बिजनेस को फायदा होगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के ढेरों मौके खुलेंगे . उनके शब्दों में, ‘’हर नौजवान के हाथ में काम होगा, तो देश का भविष्य उज्ज्वल होगा.‘’

रोज की जरूरतें होंगी पूरी

सर्दियों में कश्मीर में कई बार दवाइयां, खाना या दूसरे जरूरी सामान समय पर नहीं पहुँच पाते. रेल लाइन शुरू हो जाने के बाद ये सब तेजी से और सस्ते में मिलेंगे. बच्चों की पढ़ाई के लिए किताबें हों या मरीजों के लिए दवा, अब टाइम पर सब कुछ होगा. रेल का किराया भी सड़क मार्ग से कम पड़ता है, तो गरीब से गरीब इंसान भी इसका फायदा उठा सकेगा. यानी जिंदगी में थोड़ी राहत और थोड़ा सुकून.

मुश्किलों से जंग

इस प्रोजेक्ट को पूरा करना बच्चों का खेल नहीं था. चिनाब ब्रिज, जो दुनिया का सबसे ऊँचा रेल ब्रिज है और अंजी खड्ड ब्रिज जैसी कमाल की चीजें इसी का हिस्सा हैं. पहाड़ काटने, सुरंगें बनाने और मौसम से लड़ने के बाद भी काम रुका नहीं. ये अपने आप में गर्व की बात है और इसका फल अब जनता को मिलेगा.

जनता की पुकार

लोगों को इस रेल लाइन से ढेर सारी उम्मीदें हैं. वो चाहते हैं कि उनकी मुश्किलें कम हों, बच्चों को अच्छी पढ़ाई मिले, नौजवानों को काम मिले और कारोबार चमके. सरकार भी कोशिश कर रही है कि ये सपना जल्द पूरा हो. यूएसबीआरएल कोई रेल लाइन भर नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए तरक्की का हाईवे है. ये कश्मीर को देश से जोड़ेगी और यहाँ की जनता के सपनों को सच करेगी. अब बस उस दिन का इंतजार है, जब ट्रेन की सीटी वादियों में गूंजेगी और हर चेहरा खुशी से चमक उठेगा!

रणनीतिक महत्त्व

जम्मू-कश्मीर की सीमाएँ संवेदनशील हैं और यह क्षेत्र सामरिक दृष्टिकोण से बेहद महत्त्वपूर्ण है. यूएसबीआरएल परियोजना के जरिए सेना और अर्धसैनिक बलों की तैनाती तेज और प्रभावी होगी. आपात स्थिति में रसद और संसाधनों की आपूर्ति में यह रेल लाइन महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. यह परियोजना न केवल शांतिकाल में विकास का आधार बनेगी, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी देश को मजबूत करेगी.

सामाजिक और सांस्कृतिक एकीकरण
यह रेल लिंक जम्मू-कश्मीर के लोगों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा. लंबे समय से यह क्षेत्र भौगोलिक और राजनीतिक कारणों से अलग-थलग रहा है, जिसके कारण वहाँ के निवासियों में एकाकीपन की भावना रही. यूएसबीआरएल इस दूरी को मिटाने का काम करेगा. लोग आसानी से देश के अन्य हिस्सों की यात्र कर सकेंगे, जिससे शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुँच बढ़ेगी. यह परियोजना नई पीढ़ी को अवसरों की दुनिया से जोड़ेगी और उन्हें मुख्यधारा में लाने में मदद करेगी.

चुनौतियाँ और भविष्य

हालांकि यह परियोजना अपने आप में एक मिसाल है, लेकिन इसे पूरा करने में कई चुनौतियां भी आई हैं. प्राकृतिक आपदाएँ, तकनीकी जटिलताएँ और वित्तीय बाधाएँ इसके मार्ग में रोड़े बनीं. फिर भी, भारत सरकार और रेलवे के अथक प्रयासों से यह सपना अब हकीकत बनने जा रहा है.

प्रधानमंत्री के संकल्प की परियोजना

यूएसबीआरएल परियोजना जम्मू-कश्मीर के लिए सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि विकास का एक नया अध्याय है. यह परियोजना इस क्षेत्र को आर्थिक समृद्धि, सामाजिक एकता और रणनीतिक ताकत प्रदान करेगी. यह न केवल कश्मीर को भारत के साथ जोड़ेगी, बल्कि वैश्विक मंच पर भी नई पहचान दिलाएगी. यह वह सेतु है, जो न सिर्फ दूरी मिटाएगा, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के सपनों को नई उड़ान देगा. यह परियोजना सही मायनों में ‘नए भारत’ और ‘नए कश्मीर’ के संकल्प को साकार करेगी.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन में यह इलाका सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य का प्रतीक नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि का एक नया केंद्र भी है. प्रधानमंत्री मोदी की नजरों में जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ना और यहाँ के लोगों के जीवन को बेहतर बनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है. इसी सोच का एक जीता-जागता सबूत है यूएसबीआरएल परियोजना.

सबका साथ, सबका विकास का मंत्र

प्रधानमंत्री मोदी अक्सर कहते हैं कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ सिर्फ नारा नहीं, बल्कि उनकी सरकार का संकल्प है. यूएसबीआरएल परियोजना इस संकल्प को साकार करती है. उनका मानना है कि कनेक्टिविटी विकास की रीढ़ होती है. इस परियोजना के जरिए कश्मीर की घाटी, जो कभी पहुँच से दूर मानी जाती थी, अब देश के हर कोने के करीब आ रही है. उधमपुर से श्रीनगर और बारामूला तक का यह रेल नेटवर्क सिर्फ दूरी कम नहीं कर रहा, बल्कि लोगों के दिलों को भी जोड़ रहा है.

आत्मनिर्भर भारत का सपना

प्रधानमंत्री मोदी का एक और बड़ा विजन है आत्मनिर्भर भारत. उनके मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पास अपार संभावनाएँ हैं- चाहे वो खेती हो, हस्तशिल्प हो या टूरिज्म. यूएसबीआरएल इन संभावनाओं को हकीकत में बदलने का जरिया बनेगी. इससे स्थानीय किसानों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को बड़ा फायदा होगा. वह कहते हैं कि जब स्थानीय लोग आत्मनिर्भर बनेंगे, तो जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और यह मजबूती पूरे देश को ताकत देगी.

तकनीक और इच्छाशक्ति का संगम

प्रधानमंत्री मोदी इंफ्रास्ट्रक्चर को देश की ताकत मानते हैं. उनके इस विजन का एक शानदार उदाहरण है. वह कहते हैं कि मुश्किलें कितनी भी बड़ी हों, अगर इरादे मजबूत हों तो रास्ता निकल ही आता है. इस प्रोजेक्ट में पहाड़ों को चीरकर सुरंगें बनाई गईं, मौसम की मार रुका नहीं. उनके लिए यह सिर्फ रेल लाइन नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी ताकत और जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए उनकी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

जनता के लिए सुविधा और सम्मान

प्रधानमंत्री का हमेशा जोर रहा है कि विकास का फायदा सीधे जनता तक पहुँचे. यूएसबीआरएल के जरिए वह जम्मू-कश्मीर के लोगों को सुविधाएँ देना चाहते हैं, जो बाकी देशवासियों को मिलती हैं. सस्ता और सुरक्षित सफर, जरूरी सामानों की आसान पहुँच और बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा की सुविधाएँ- ये सब उनकी नजर में इस परियोजना के लक्ष्य हैं. वह कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का सम्मान और उनकी खुशहाली ही देश की असली ताकत है.

एक भारत, श्रेष्ठ भारत की राह

प्रधानमंत्री मोदी का सपना है ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’. उनके लिए जम्मू-कश्मीर का विकास इस सपने का अहम हिस्सा है. वर्ष 2019 में आर्टिकल 370 हटने के बाद उन्होंने वादा किया था कि कश्मीर को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे. यूएसबीआरएल उस वादे को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

प्रधानमंत्री मानते हैं कि जब कश्मीर की वादियां ट्रेन की सीटी से गूंजेंगी, तो ये सिर्फ कनेक्टिविटी की जीत नहीं होगी, बल्कि एक नए, मजबूत और एकजुट भारत की शुरुआत होगी. तो, प्रधानमंत्री की नजर से देखें तो यूएसबीआरएल परियोजना जम्मू-कश्मीर के लिए सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि तरक्की, सम्मान और आत्मनिर्भरता का शानदार उदाहरण है. उनके विजन में ये प्रोजेक्ट कश्मीर को देश का गौरव बनाएगा और यहाँ की जनता को वो हक देगा जो उनका है- एक बेहतर और खुशहाल जिंदगी का हक.

रेल मंत्री की भूमिकाएँ भी रहेंगी याद

राष्ट्रीय महत्त्व की कोई भी बड़ी परियोजना तभी सफल होती है जब उससे संबंधित मंत्री इसमें व्यक्तिगत रुचि लें. जिस प्रकार रेल मंत्री बार-बार इस परियोजना से जुड़े स्थलों का दौरा कर रहे थे. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव स्वयं यूएसबीआरएल परियोजना की मॉनिटरींग कर रहे थे.

रेल मंत्री ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना को जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है. उनके मुताबिक, यह परियोजना जम्मू-कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने का सपना पूरा करेगी, जिससे न सिर्फ कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि इलाके की आर्थिक तरक्की को भी नई रफ्तार मिलेगी. इस रेल लाइन से कश्मीर घाटी को कन्याकुमारी तक जोड़ा जा सकेगा और ये देश की एकता और अखंडता का प्रतीक बनेगी.

वैष्णव ने जोर देकर कहा कि यूएसबीआरएल के तहत चिनाब ब्रिज जैसे इंजीनियरिंग के चमत्कार न केवल तकनीकी उपलब्धि हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, व्यापार और टूरिज्म के नए मौके भी लेकर आएंगे. रेल मंत्री के अनुसार ‘’ये रेल लाइन जम्मू-कश्मीर के लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाएगी और विकास की धारा को घाटी तक पहुँचाएगी.‘’ वैष्णव ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का हिस्सा बताते हुए कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी और भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर की ताकत को दुनिया के सामने पेश करेगी.

ये भी पढ़ें: Bengaluru Stampede Case: मृतकों की संख्या 11 पहुंची, 50 से अधिक घायल

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read