Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Umesh Pal Murder Case: माफिया अतीक के खास गुड्डू मुस्लिम के लड़के की दुकान पर चलेगा बुलडोजर, पीडीए ने की तैयारी

Prayagraj: उमेश पाल हत्याकांड मामले में पीडीए ने अब गुड्डू मुस्लिम के घर के साथ ही उसके लड़के की दुकान पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है.

प्रतीकात्मक तस्वीर

Umesh Pal Murder Case: उमेश पाल हत्याकांड मामले में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अब गुड्डू मुस्लिम के लड़के आबिद की दुकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है. इससे पहले मंगलवार को गुड्डू मुस्लिम के घर पर भी पीडीए नोटिस चस्पा कर चुकी है. बताया जा रहा है कि आबिद की प्रयागराज में मीट की दुकान है.

उमेश पाल हत्याकांड में एक्शन जारी

इस मामले में इससे पहले तीन शूटर्स के घर पर बुलडोजर एक्शन हो चुका है. इससे पहले चकिया स्थित घर में भी बुलडोजर चल चुका है, जिसमें अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन अपने परिवार के साथ रहा करती थी. चकिया स्थित इस घर को पीडीए ने एक मार्च को गिराया था. यह घर जफर अहमद के नाम पर था, जिसे अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति के तौर पर पेश किया गया था. दूसरी कार्रवाई 2 मार्च को की गई थी, जिसमें अतीक अहमद के बेहद करीबी माने जाने वाले और जानसन गंज में गन की दुकान खोलने वाले सफदर का मकान शामिल था.

60 फीट रोड स्थित इस आलीशान मकान को पोकलैंड मशीन और बुलडोजर लगाकर गिरा दिया गया था. तीसरी कार्रवाई 3 मार्च को की गई थी जिसमें अतीक अहमद के करीबी ग्राम प्रधान मासकुद्दीन के कानपुर रोड पर मनौरी स्थित मकान शामिल था. मासकुद्दीन अतीक अहमद का फाइनेंसर बताया गया था.

पढ़ें इसे भी- Umesh Pal Murder Case: बमबाज गुड्डू मुस्लिम के घर पीडीए ने चस्पा किया नोटिस, बुलडोजर एक्शन की तैयारी

दूसरी ओर क्राइम ब्रांच, प्रयागराज पुलिस, एसटीएफ फरार गुर्गों को पकड़ने के लिए न केवल यूपी बल्कि यूपी से बाहर के कई अन्य राज्यों में भी संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है, जिसमें उनकी मदद अन्य राज्यों की पुलिस भी कर रही है. मंगलवार को ही तीन बड़ी सफलता हाथ लगी थी. देर रात पुलिस और एसओजी ने हत्याकांड में मददगार बने पांच गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं मंगलवार को सुबह ही अतीक अहमद के भाई के गुर्गे लल्ला गद्दी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. मंगलवार की दोपहर को क्राइम ब्रांच ने अतीक के बेटे असद के करीबी राजदार सोनू को हिरासत में ले लिया था.

असद की जानकारी जुटा रही पुलिस

बताया जा रहा है कि इन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है और अतीक के फरार बेटे असद की जानकारी जुटा रही है. इस हत्याकांड में अतीक मुख्य साजिशकर्ता था और उसने अपने बेटे को माफिया बनाने के लिए इस हत्याकांड की बागडोर सम्भालने को दी थी.

मालूम हो कि 24 फरवरी को प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के अहम गवाह अधिवक्ता उमेश पाल के साथ ही दो पुलिस कर्मियों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. इस मामले में गुजरात में बंद अतीक अहमद को मुख्य साजिश कर्ता माना जा रहा है. मृतक उमेश की पत्नी जया पाल की शिकायत के आधार पर धूमनगंज थाने में अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, सहयोगी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम और नौ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital