Bharat Express DD Free Dish

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इन राज्यों की बल्ले-बल्ले! राजस्थान के कोटा में बनेगा नया हवाई अड्डा, ओडिशा में 6 लेन रिंग रोड परियोजना को मिली मंजूरी

Union Cabinet Meeting: केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को 9,814 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है. कोटा-बूंदी में 1,507 करोड़ रुपये की लागत से नया हवाई अड्डा बनेगा और ओडिशा में 8,307 करोड़ रुपये से छह लेन रिंग रोड का निर्माण होगा.

Union Minister Ashwini Vaishnav

Union Cabinet Meeting: केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को देशभर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाले कई अहम फैसले लिए गए हैं. इनमें सबसे बड़ा फैसला राजस्थान के कोटा-बूंदी में नया हवाई अड्डा को लेकर लिया गया है. मोदी सरकार ने 1,507 करोड़ रुपये की लागत से इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है. वहीं, ओडिशा के कटक और भुवनेश्वर में छह लेन की रिंग रोड परियोजना को भी हरी झंडी दी गई, जिस पर करीब 8,307 करोड़ रुपये खर्च होंगे. कुल मिलाकर कैबिनेट ने 9,814 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की हरी झंडी दी है.

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnav) ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी शेयर करते हुए कहा कि कोटा-बूंदी हवाई अड्डे का टर्मिनल भवन 20,000 वर्गमीटर में फैला होगा और इसमें 3,200 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा. यह हवाई अड्डा सालाना करीब 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने की क्षमता रखेगा.

सरकार 1,089 एकड़ जमीन मुफ्त उपलब्ध कराएगी

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए राजस्थान सरकार 1,089 एकड़ जमीन नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से इस काम का वित्तपोषण करेगी और निर्माण कार्य 24 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Ashwini Vaishnav ने आगे कहा कि, ‘कोटा एक प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र है. यहां हर साल लाखों छात्र शिक्षा के लिए आते हैं. लंबे समय से कोटा में एक आधुनिक हवाई अड्डे की मांग की जा रही थी. नया एयरपोर्ट क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगा.’

ओडिशा में 6 लेन रिंग रोड परियोजना को मिली मंजूरी

गौरतलब है कि केंद्र सरकार पिछले एक दशक से देश में हवाई यातायात के नेटवर्क को तेजी से बढ़ा रही है. मंत्री ने बताया कि 2014 में जहां देश में सिर्फ 74 हवाई अड्डे चालू थे, वहीं 2025 तक यह संख्या बढ़कर 162 हो चुकी है. इसी अवधि में हवाई यात्रियों की संख्या भी 16.8 करोड़ से उछलकर 41.2 करोड़ तक पहुंच गई है. ओडिशा में रिंग रोड परियोजना को लेकर उन्होंने कहा कि यह छह लेन का एक्सेस-नियंत्रित मार्ग होगा, जो कटक और भुवनेश्वर में यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी गति देगा.

कुल मिलाकर, कैबिनेट की यह बैठक, देश में हवाई और सड़क परिवहन ढांचे को नए स्तर पर ले जाने वाली साबित हो सकती है. राजस्थान को जहां नया एयरपोर्ट मिलेगा, वहीं ओडिशा की राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या को भी काफी हद तक कम करने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: इंडिया गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का किया ऐलान, जानिए कौन हैं B Sudarshan Reddy?

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read