Bharat Express DD Free Dish

‘स्पेस प्रोग्राम के भविष्य की स्वर्णिम झलक’, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर ग्रुप कैप्टन Shubhanshu Shukla को दी बधाई

शुभांशु शुक्ला मंगलवार (15 जुलाई) को अंतरिक्ष से वापस धरती पर लौटे. बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस अवसर को “देश के लिए गौरव, उल्लास और प्रेरणा का क्षण” बताया.

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) की सफलतापूर्वक वापसी का स्वागत करते हुए प्रस्ताव पारित किया है. शुभांशु शुक्ला मंगलवार को अंतरिक्ष से वापस धरती पर लौटे. बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस अवसर को “देश के लिए गौरव, उल्लास और प्रेरणा का क्षण” बताया.

प्रस्ताव में लिखा है, “15 जुलाई को भारत की अनंत आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष यात्रा से सकुशल धरती पर लौटे हैं. ये समूचे देश के लिए गर्व, गौरव और उल्लास का अवसर है. मंत्रिमंडल, देश के साथ मिलकर, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटने का अभिनंदन करता है.”

अंतरिक्ष में भारत की एक बड़ी उड़ान

मंत्रिमंडल के इस प्रस्ताव में शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा और उनके पूरे मिशन का जिक्र है. प्रस्ताव में लिखा है, “उन्होंने (शुभांशु शुक्ला) इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर 18 दिन का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया. ये मिशन 25 जून को लॉन्च हुआ था, जिसमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मिशन पायलट के रूप में शामिल हुए. इस मिशन के जरिए पहली बार कोई भारतीय अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर गया. ये भारत के स्पेस प्रोग्राम का एक नया अध्याय है. ये अंतरिक्ष में भारत की एक बड़ी उड़ान है एवं हमारे स्पेस प्रोग्राम के भविष्य की स्वर्णिम झलक देता है.”

मंत्रिमंडल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ वैज्ञानिकों की पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी और कहा कि इसकी निष्ठा, तपस्या और परिश्रम ने सपने को साकार किया. प्रस्ताव में कहा, “आईएसएस पर रहते हुए ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने अनेक प्रयोग किए. ये इंटरनेशनल स्पेस कोऑपरेशन में भारत की बढ़ती लीडरशिप भूमिका का प्रमाण है.”

भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का स्थापित करने का संकल्प

प्रस्ताव में मंत्रिमंडल ने कहा कि भारत आने वाले समय में गगनयान मिशन के जरिए और भी बड़े लक्ष्यों की ओर देख रहा है. हमने भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का संकल्प भी लिया है. शुभांशु शुक्ला के मिशन की इस सफलता ने भारत को अपने इन लक्ष्यों के एक कदम और करीब पहुंचा दिया है. भारत अब मानव अंतरिक्ष मिशन की बड़ी शक्तियों में से एक बनने की ओर अग्रसर है.

मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, भारत की स्पेस क्षमताओं, उनके अटल विश्वास और मार्गदर्शन ने भारत को इस मुकाम तक पहुंचाया है. सरकार को इस बात पर गर्व है कि पिछले कुछ सालों में भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं.


ये भी पढ़ें: सदगुरू की ईशा फाउंडेशन ने यूट्यूबर श्याम मीरा सिंह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में मानहानि याचिका दायर की


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read