UP news: हापुड़/तनु: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली क्षेत्र में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में हड़कंप मच गया. देर रात घर लौट रहे पिंटू नामक युवक को कुछ लोगों ने रास्ते में घेरकर उस पर नुकीली वस्तु से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों के अनुसार दो ऑपरेशन किए जाने के बावजूद उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
चेहरे, सिर और सीने पर किए गए कई वार
घायल युवक के भाई गुरजीत शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पिंटू रात में अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और हमला शुरू कर दिया. शिकायत के अनुसार हमलावरों में अरसलान, मुन्तियाज और फैजान समेत अन्य लोग शामिल थे. आरोपियों ने पिंटू के चेहरे, सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल हालत में दुकान तक पहुंचा पीड़ित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद पिंटू किसी तरह पास की एक दुकान तक पहुंचा, जहां वह गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया.
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में डीयू प्रोफेसर की हत्या का राज बेनकाब, कोलकाता से कपल गिरफ्तार
हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है और जल्द कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


