Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP ATS ने दो संदिग्ध आतंकियों को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों से था लिंक, बाबरी मस्जिद फैसले में लेना चाहते थे बदला

यूपीएटीएस ने हिजबुल और अंसार गजवातुल हिन्द से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है. दोनों ही देश में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना से जुड़े थे. दोनों ने अपने मंसूबे भी पूछताछ में कबूल किए हैं.

गिरफ्तार आतंकी

UP News: यूपी की ऐंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पाकिस्तान के आतंकी संगठन से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक हिज्बुल मुजाहिद्दीन और दूसरा अंसार गजवा तुल हिन्द से जुड़ा है. गिरफ्तार किए गए आतंकी की पहचान रिजवान खान के रूप में हुई है तो वहीं गोंडा निवासी सद्दाम शेख को भी एटीएस ने गिरफ्तार किया है. जानकारी सामने आ रही है कि दोनों की विचारधारा एक थी और दोनों ही जेहाद के माध्यम से भारत में शरिया कानून लागू कर इस्लामिक राष्ट्र बनाना चाहते थे.

फिलहाल एटीएस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है. तो वहीं रिजवान ने पूछताछ में बताया है कि, वह प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से मिलकर देश विरोधी क्रिया कलाप कर रहा था. उसने ये भी बताया है कि, वह प्रतिबंधित संगठनो के प्रमुख बुरहान वानी, जाकिर मूसा, नावीद जट की विचारधारा से जुड़ा था और जेहाद के माध्यम से देश मे शरिया कानून लागू कर देश को इस्लामिक राष्ट्र बनाना चाहता था.

एटीएस को मिली थी ये सूचना

मीडिया सूत्रों के मुताबिक रिजवान के बारे में एटीएस को खूफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि एक कश्मीर निवासी संदिग्ध व्यक्ति कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में रह रहा है और विभिन्न आतंकी संगठनों से जुड़कर देश विरोधी कार्यों में लिप्त है. एटीएस को ये भी जानकारी मिली थी कि, उसके द्वारा फेसबुक, इन्स्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय रहकर आतंकियों और आतंकी संगठनो के फोटो वीडियो प्रसारित किया जा रहा है और ऐसे लोगों को जोड़ा जा रहा है जो भारत को हानि पहुंचाने की इच्छा रखते हैं. इसी इनपुट के मिलने के बाद से ही एटीएस सक्रिय थी और लगातार रिजवान खान को पकड़ने के लिए दबिश दे रही थी. वह जम्मू कश्मीर का रहने वाला है.

ये भी पढ़ें- Drone Over PM Modi House: दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी के आवास के ऊपर ड्रोन उड़ने की सूचना से मचा हड़कंप, एक्शन में एसपीजी और पुलिस

बनना चाहता था मुजाहिद

जानकारी सामने आ रही है कि पहले रिजवान को नोटिस देकर पूछताछ के लिए एटीएस मुख्यालय बुलाया गया था, जहां उसने पूछताछ में अपने गुनाह कबूल किए थे और कहा था कि उसे मिलिटेंट और बंदूकें बहुत प्रभावित करती हैं. इसी के साथ उसने ये भी कहा था कि वह मुजाहिद बनना चाहता था. बता दें कि रिजवान ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट की है, उसमें AK 47 से लेकर कारतूस, आतंकियों के हथियार के साथ प्रशिक्षण करती हुई तस्वीरें और भारत विरोधी गाने मिले हैं. उसने ये भी कहा था कि, उसे जाकिर मूसा की तंजीम (संगठन) ‘अंसार गजवातुल हिन्द’ और बुरहान वानी (हिज्ब उल मुजाहिदीन का मुजाहिद) के जैसा बनना था. जानकारी सामने आ रही है कि रिज़वान आतंकी संगठनों के विचारों को हमख्यालात अपने लोगों के बीच फैलाने का काम करता था.

सद्दाम ने लादेन और जाकिर मूसा को बताया आदर्श

बता दें कि यूपी एटीएस ने गोंडा जिले के रहने वाले सद्दाम शेख (38) को भी गिरफ्तार किया है. एटीएस के द्वारा बताया गया कि सद्दाम शेख सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और आतंकी संगठनों के समर्थन में रेडिकल पोस्ट करता रहता है. इसे भी पूछताछ के लिए एटीएस मुख्यालय बुलाया गया था, जहां उसे अपने अपराध स्वीकार किए थे और बताया था कि, वह अल कायदा, अंसार गजवातुल हिन्द और हिजबुल के आतंकी बुरहान वानी से बहुत प्रभावित है. एटीएस को सद्दाम के बारे में जानकारी मिली थी कि सद्दाम शेख नाम का आतंकी NTC नामक एक कम्पनी में कर्नाटक में चालक का काम करता है, वह आतंकी संगठनों से जुड़ा है और देश विरोधी मंसूबे बनाकर किसी बड़ी घटना को अंजान देने के लिए योजना में शामिल है. एटीएस पूछताछ में सद्दाम ने अपना आदर्श ओसामा बिन लादेन के साथ ही जाकिर मूसा, रियाज नायकू, नावेद जट, समीर टाइगर जैसे आतंकियों को बताया है.

लेना चाहता था बाबरी मस्जिद फैसले का बदला

वहीं सद्दाम ने एटीएस से पूछताछ में बताया है कि वह बाबरी मस्जिद फैसले से नाराज था और उसे उसको लेकर बदला भी लेना था. बता दें कि उसके फोन में बड़े आतंकियों से संबन्धित फोटो व वीडियो भी बरामद हुए हैं. रिजवान की तरह सद्दाम भी एक मुजाहिद बनना चाहता था. उसने भी ये बात कबूल की है और वह भी फेसबुक, इन्स्टाग्राम, आईएमओ जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक्टिव रहता था. बताया जा रहा है कि, इसने फेसबुक पर कई बार आईडी बनाई जो आतंकी सामग्री पोस्ट करने के कारण फेसबुक द्वारा ब्लॉक कर दी गयी.

अपनी सेना बनाने की रखता था इच्छा

सद्दाम ने अपनी इच्छा के बारे में एटीएस को बताया कि, वह इसलिए भी रेडिकल कंटैंट पोस्ट करता था, ताकि कोई उससे संपर्क करके उसे हथियारों का प्रशिक्षण दे सके. क्योंकि वह मुसलमानों पर हुए अत्याचार का बदला लेना चाहता था और अपनी एक अलग सेना बनाना चाहता था, जिससे शरिया कानून लागू करके भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाया जा सके. बता दें कि एटीएस की छानबीन में सद्दाम की डीपी में आईएसआईएस, अलबद्र, लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों व आतंकियों से संबन्धित फोटो लगी मिली हैं. वह IMO एप के माध्यम से पाकिस्तानी व काश्मीरी मिलिटेंट से संपर्क में भी था. बता दें कि पूछताछ के बाद ही दोनों को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital