Urdu Conclave 2026

‘पीएम मोदी के विजन का उत्तम उदाहरण..’, UPI के 10 साल पूरे होने पर क्या बोले अमित शाह?

UPI ने 10 साल में भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है और अब यह दुनिया के सबसे बड़े रियल-टाइम पेमेंट नेटवर्क में शामिल है.

UPI के 10 साल पूरे

Amit shah on UPI 10 Years: यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के सफलतम 10 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवाचार, दूरदर्शिता और ‘डिजिटल इंडिया’ विजन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है. गृह मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने न केवल अपनी डिजिटल वित्तीय प्रणाली को बदला है बल्कि दुनिया को सबसे तेज, सहज, सुरक्षित और सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम देकर अपनी तकनीकी ताकत का लोहा मनवाया है.

‘भारत ने पूरी दुनिया को दिखाया अपना सामर्थ्य'(Amit shah on UPI 10 Years)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक विशेष संदेश साझा करते हुए कहा, “UPI, मोदी जी के नवाचार के माध्यम से भारत के परिवर्तन के सफर को आगे बढ़ाने के विजन का एक अनूठा उदाहरण है. #10YearsOfUPI के इस सफर में हमारे देश ने दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम दिया है.

डिजिटल इंडिया के जरिए आम लोगों को त्वरित और सुरक्षित इंटरफेस उपलब्ध कराकर भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि हम क्या हासिल कर सकते हैं.  गृह मंत्री ने जोर दिया कि छोटे व्यापारियों से लेकर आम नागरिकों तक को बिना किसी लागत के डिजिटल ट्रांजैक्शन की सुविधा देकर UPI ने देश में वित्तीय समावेशन की नई क्रांति ला दी है.

 

10 सालों में कितना बढ़ा UPI का साम्राज्य?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और एनपीसीआई (NPCI) के तत्वावधान में 25 अगस्त 2016 को लॉन्च हुए UPI की 10 वर्षों की यात्रा को अमित शाह ने देश की बड़ी उपलब्धि करार दिया. इन 10 सालों में UPI के आंकड़े अभूतपूर्व रहे हैं:

लेनदेन की संख्या में 13,000 गुना उछाल: वित्तीय वर्ष 2016-17 में जहां केवल 1.78 करोड़ वार्षिक लेनदेन होते थे, वहीं 2025-26 में यह आंकड़ा 24,162 करोड़ के पार पहुंच गया.

लेनदेन का मूल्य 4,000 गुना बढ़ा: 2016 में ₹0.07 लाख करोड़ का कुल कारोबार हुआ था, जो अब बढ़कर ₹314 लाख करोड़ के विशाल आंकड़े तक पहुंच चुका है.

डिजिटल भुगतान में 84% कब्जा: भारत के कुल डिजिटल ट्रांजैक्शन में अकेला UPI 84 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है, जबकि प्रतिदिन औसतन 66 करोड़ लेनदेन दर्ज किए जा रहे हैं.

‘वैश्विक मंच पर गूंजा भारत का डंका’

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत की डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (DPI) के इस वैश्विक प्रभाव पर गर्व व्यक्त किया. आज दुनिया भर में होने वाले कुल रियल-टाइम पेमेंट ट्रांजैक्शन में अकेले भारत की हिस्सेदारी लगभग 49 प्रतिशत है. शुरुआती दौर में महज 21 बैंकों के साथ शुरू हुआ यह सफर आज 741 लाइव बैंकों तक फैल चुका है.

इतना ही नहीं, भारत का यह स्वदेशी प्लेटफॉर्म अब यूएई, फ्रांस, भूटान, श्रीलंका, नेपाल, सिंगापुर, मॉरीशस, कतर, कंबोडिया, ग्रीस और मालदीव जैसे 11 देशों में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहा है. गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में सरकार इस तंत्र को वैश्विक पटल पर और अधिक मजबूत करेगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read