Bharat Express DD Free Dish

डोली से पहले उठी अर्थी: सनकी आशिक ने प्रेमिका पर चलाई गोली, फिर उसी बंदूक से खुद को उड़ाया

बिहार के वैशाली में एक युवक ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना भगवानपुर के इमादपुर गांव की है. लड़की की अगले महीने शादी होने वाली थी. पुलिस प्रेम प्रसंग और लूट के एंगल से मामले की जांच कर रही है.

Vaishali Crime Lover Shoots Girlfriend Then Commits Suicide Before Marriage

Vaishali Crime: पंकज चौहान/वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में एक ‘सनकी’ प्रेमी ने खूनी खेल खेला. प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद के बाद प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर उसी तमंचे से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस सनसनीखेज घटना में प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है.

शादी वाले घर में मातम

घटना को लेकर गांव में सन्नाटा पसरा है. प्रेमिका के पिता उपेंद्र सहनी ने पुलिस को एक चौंकाने वाली कहानी बताई है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी और घर में तैयारियों का माहौल था. शादी के खर्च के लिए घर में 4 लाख रुपये नकद रखे हुए थे.

पिता का आरोप है कि मृतक पंकज कुमार को इन रुपयों की जानकारी मिल गई थी और वह लूट के इरादे से घर में घुसा था. हालांकि, पुलिस इस एंगल के साथ-साथ प्रेम प्रसंग के मामले की भी गहराई से पड़ताल कर रही है.

मौके पर पहुंची FSL टीम

मृतक प्रेमी की पहचान इमादपुर निवासी फेंकन सहनी के 24 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. वारदात की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है.

घायल लड़की को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

क्या कहती है पुलिस?

वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है. उन्होंने कहा, ‘लड़के ने पहले लड़की को गोली मारी और फिर खुदकुशी कर ली. लड़के का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस लूट और प्रेम प्रसंग, दोनों पहलुओं पर काम कर रही है.’

ये भी पढ़ें: सुबह 4 बजे गोलियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिल्ली का करोल बाग!… कालका दास चौक पर रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read