Bharat Express DD Free Dish

संसद में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल का जश्न, लोकसभा में पीएम मोदी करेंगे चर्चा की शुरुआत

Vande Mataram 150th Anniversary: लोकसभा और राज्यसभा में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा होगी. पीएम मोदी बहस की शुरुआत करेंगे, जबकि विपक्ष और अन्य दल भी हिस्सा लेंगे.

Vande Mataram 150th Anniversary: सोमवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर बहस की शुरुआत करेंगे. इस बहस के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है. पीएम मोदी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोलेंगे. विपक्ष की ओर से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और प्रियंका गांधी समेत कई नेता हिस्सा लेंगे. माना जा रहा है कि इस चर्चा में राष्ट्रीय गीत से जुड़े कई ऐतिहासिक और अनजाने तथ्य सामने आएंगे.

राज्यसभा में भी गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

लोकसभा के बाद मंगलवार को राज्यसभा में भी इस विषय पर चर्चा होगी. यहां गृह मंत्री अमित शाह बहस की शुरुआत करेंगे और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दूसरे वक्ता होंगे. दोनों सदनों में यह चर्चा गीत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करेगी, जिसे भारतीय राष्ट्रवाद का प्रतीक माना जाता है.

गीत का इतिहास और महत्व

‘वंदे मातरम्’ को 1870 के दशक में बंकिम चंद्र चटर्जी ने संस्कृतनिष्ठ बंगाली में लिखा था. यह उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ का हिस्सा है, जिसका प्रकाशन 1882 में हुआ. जदुनाथ भट्टाचार्य ने इसे संगीतबद्ध किया. स्वतंत्रता आंदोलन में यह गीत लाखों क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा बना और 1950 में इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा मिला.

स्मारक सिक्का और डाक टिकट

केंद्र सरकार ने इस अवसर पर विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने इसे स्वतंत्रता संग्राम की अमर धरोहर बताते हुए कहा कि यह गीत राष्ट्रभक्ति की भावना को जगाता है.

राजनीतिक माहौल और उम्मीदें

हालांकि बहस के दौरान हंगामे की संभावना है, क्योंकि पीएम ने कांग्रेस पर गीत के कुछ छंद हटाने का आरोप लगाया है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि चर्चा सकारात्मक माहौल में होगी. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश उत्सुक है और युवाओं को वही ऊर्जा मिलेगी जो स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मिली थी.

ये भी पढ़ें-गौरव खन्ना बने सीजन-19 के ‘Bigg Boss’, ट्रॉफी के साथ मिली 50 लाख की प्राइज मनी

एजेंडे में चुनाव सुधार

संसद में इस हफ्ते चुनाव सुधारों पर भी बहस होगी. लोकसभा में मंगलवार और बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा होगी, जबकि राज्यसभा में बुधवार और गुरुवार को यह मुद्दा उठेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read