Vijay CM Oath
Vijay CM Oath: तमिलनाडु की राजनीति में धूमकेतु की तरह चमके विजय (Vijay) के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है. शनिवार को वीसीके और आईयूएमएल ने उनकी पार्टी टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान कर दिया. जिसके बाद विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया है. 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है.
समर्थन जुटाने के बाद विजय ने शनिवार शाम तमिलनाडु के राज्यपाल RN Ravi से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपा. इसके बाद राज्यपाल ने टीवीके को सरकार गठन की अनुमति दे दी. जिसके बाद पिछले चार दिनों से जारी सियासी अनिश्चितता खत्म हो गई और नई सरकार का शपथ ग्रहण रविवार को होगा. राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है.
राहुल गांधी भी पहुंचेंगे
सूत्रों के मुताबिक विजय रविवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. कांग्रेस नेता Rahul Gandhi भी चेन्नई में होने वाले समारोह में शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि विजय शपथ ग्रहण का समय बदलना चाहते थे, लेकिन ज्योतिषीय सलाह के बाद सुबह 10 बजे का समय तय किया गया.

DMK और AIDMK पार्टियों को छोड़ा पीछे
गौरतलब है कि दो साल पुरानी टीवीके ने इस चुनाव में बड़ा राजनीतिक चमत्कार करते हुए डीएमके और एआईएडीएमके जैसी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया. पार्टी ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का दावा पेश किया, हालांकि विजय को अपनी दो सीटों में से एक छोड़नी होगी, जिससे पार्टी के सीटों की संख्या 107 रह जाएगी.
कांग्रेस ने सबसे पहले दिया समर्थन
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने सबसे पहले टीवीके को समर्थन दिया था. कांग्रेस के 5 विधायक, वामदलों के 4 विधायक, वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायक अब विजय के समर्थन में आ चुके हैं. इसी समर्थन के दम पर टीवीके ने बहुमत का आंकड़ा पार किया है. हालांकि समर्थन के पीछे राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिली.
वीसीके प्रमुख Thol Thirumavalavan इस बात से नाराज बताए गए कि विजय ने सीधे बातचीत करने के बजाय व्हाट्सऐप के जरिए समर्थन मांगा था. वहीं आईयूएमएल भी शुरुआती दौर में डीएमके के साथ खड़ी नजर आई थी. लेकिन शनिवार सुबह टीवीके नेताओं की बातचीत के बाद दोनों दलों ने अपना रुख बदल लिया.
ये भी पढ़ें- ‘लोकतंत्र में न संसद सर्वोच्च है न न्यायपालिका, संविधान ही सबसे ऊपर..’, श्रीलंका में जस्टिस बीआर गवई का संबोधन
वीसीके ने फिलहाल बिना शर्त समर्थन दिया है, लेकिन पार्टी नेताओं ने संकेत दिए हैं कि सरकार में शामिल होने पर फैसला बाद में लिया जाएगा. साथ ही यह मांग भी उठी है कि विजय द्वारा छोड़ी जाने वाली सीट से थोल थिरुमावलवन चुनाव लड़ें और भविष्य में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जाए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
