Bharat Express DD Free Dish

क्या आपके शहर में भी आएगी भारी बारिश? 16 राज्यों की लिस्ट जारी, अगले 10 घंटे बेहद अहम

आज का मौसम: IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत 16 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और 80 किमी/घंटा तक हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

आज का मौसम

Weather Today: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर मानसून रफ्तार पकड़ चुका है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज 28 जून को देश के कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवाओं की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

अगले 10 घंटे में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 10 घंटे कई राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात समेत कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का मौसम अपडेट जरूर देख लें.

दिल्ली का मौसम अपडेट

राजधानी दिल्ली में आज मौसम सुहावना रहने की संभावना है. दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर बाद से शाम के बीच तेज आंधी चल सकती है. आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आने वाले दो दिनों में मौसम और सक्रिय हो सकता है. 29 जून को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 30 जून को भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तर भारत का मौसम

उत्तर प्रदेश में आज ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है और आज बारिश की संभावना नहीं जताई है. हालांकि, 29 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हो सकती है. अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के साथ तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

वहीं बिहार और झारखंड में मौसम का रुख बदलने लगा है. बिहार में 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि शुरुआती दो दिनों तक दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्मी का असर बना रहेगा. दूसरी ओर, झारखंड के कई जिलों में आज गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 29 जून से राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने के आसार हैं.


ये भी पढ़ें: आधार, वोटर कार्ड, पासपोर्ट भी नहीं तो क्या इस दस्तावेज से होगी आपकी नागरिकता की पहचान?


पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश में आज कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 3 जुलाई के बीच बारिश का दौर तेज होगा और कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और सोलन समेत कई जिलों में जुलाई की शुरुआत के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं.

वहीं उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिन मौसम सक्रिय रहेगा. उत्तराखंड के कई जिलों में 30 जून तक हल्की से भारी बारिश का अनुमान है, जबकि नैनीताल में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर में 3 जुलाई तक कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. 30 जून के बाद बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read