Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम का बड़ा यू-टर्न, अगले तीन दिन आंधी-बारिश का असर; IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले तीन दिनों तक मौसम के बदले हुए मिजाज का सामना करना पड़ सकता है. IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी, बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है. तापमान में 6 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Weather update, Delhi-NCR, IMD alert

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम के बदले हुए तेवर देखने को मिल सकते हैं. भीषण गर्मी और तपती धूप से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की भी सलाह दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 11 से 13 जून के बीच राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का भी असर देखने को मिलेगा. यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कई जगहों पर बारिश होने की संभावना बढ़ गई है. बुधवार रात से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने शुरू हो गए थे.

तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका

IMD ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कई इलाकों में तेज आंधी चलने की भी संभावना है. हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों की टहनियां टूटने और यातायात प्रभावित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं. वहीं 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान भी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

तापमान में आएगी बड़ी गिरावट

दिल्लीवासियों के लिए सबसे राहत वाली बात यह है कि अगले दो दिनों में तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अधिकतम तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लंबे समय से पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

हालांकि शुरुआती दौर में रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन 13 जून तक न्यूनतम तापमान में भी 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है. कुल मिलाकर अगले कुछ दिन मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, ट्रंप ने दी बधाई; कहा- आने वाले वर्षों में भी करेंगे कमाल

तूफानी हवाओं ने तोड़े रिकॉर्ड

बुधवार देर रात चली तेज हवाओं ने कई पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. पूसा क्षेत्र में हवा का सबसे तेज झोंका 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दर्ज किया गया. वहीं पालम में हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह आंकड़ा पालम में पिछले लगभग 25 वर्षों के रिकॉर्ड के बराबर माना जा रहा है. तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी खबरें सामने आईं.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि 13 जून तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है, लेकिन आंधी, बिजली और तेज हवाओं को हल्के में नहीं लेना चाहिए. खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें. पेड़ों, बिजली के खंभों और अस्थायी ढांचों के आसपास खड़े न हों. यदि तेज आंधी या बिजली चमकने की स्थिति बने तो सुरक्षित स्थान पर शरण लेना बेहतर होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read