Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: सितंबर में मौसम का बड़ा बदलाव, दिल्ली-NCR में बारिश बारिश का दौर खत्म, पहाड़ों में अब भी अलर्ट जारी

सितंबर का तीसरा हफ्ता कई बदलाव लेकर आया है. दिल्ली-NCR में जहां मौसम साफ होने लगा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश का खतरा बना हुआ है. पंजाब-हरियाणा से मॉनसून विदाई की ओर है.

Aaj Ka Mausam, Delhi NCR, Weather Update, Monsoon 2025

Weather Update: सितंबर का तीसरा हफ्ता चल रहा है और देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. एक तरफ कई राज्यों में अब भी झमाझम बारिश हो रही है, तो दूसरी ओर दिल्ली-NCR जैसे इलाकों में अब बादल छंटते दिख रहे हैं और धूप निकलने लगी है. मौसम में यह बदलाव मॉनसून की विदाई की ओर इशारा कर रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने इस हफ्ते को लेकर कुछ अहम अपडेट्स जारी किए हैं, जिन्हें जानना ज़रूरी है.

दिल्ली-NCR बारिश थमी

दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जो रुक-रुककर बारिश हो रही थी, उसने तापमान को तो कुछ हद तक नीचे जरूर खींचा, लेकिन अब मौसम का रुख बदल रहा है. IMD के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजधानी में तेज़ धूप देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहेगा.

बारिश की संभावना अब लगभग खत्म मानी जा रही है, लेकिन हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रहने से उमस में थोड़ी राहत मिल सकती है. अगले 48 घंटों के दौरान हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है.

पंजाब-हरियाणा में मॉनसून की विदाई

पंजाब और हरियाणा से मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब में आज मानसून का आखिरी दिन हो सकता है. हालांकि, कुछ जिलों में हल्की फुहारें जरूर पड़ सकती हैं, जिन्हें “विदाई की बारिश” कहा जा सकता है.

पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पठानकोट में न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री तक रहा. अब राज्य में गर्मी की वापसी के आसार हैं.

ये भी पढ़ें- किश्तवाड़ में सेना और आतंकियों की मुठभेड़, रात 8 बजे से जारी है गोलीबारी

पहाड़ी राज्य अब भी अलर्ट पर

जहां मैदानी इलाकों में बारिश कम हो रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में खतरा अभी टला नहीं है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में भारी बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.

हिमाचल में इस साल का मॉनसून काफी जानलेवा साबित हुआ है. अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना हुआ है. खासतौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

बढ़ा सतलुज का जलस्तर

इस बीच, पंजाब के मंडाला छन्ना इलाके में सतलुज नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. इसके चलते धुसी बांध पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं. स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य शुरू किए जा सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read