Bharat Express DD Free Dish

देशभर में मानसून का अलर्ट: अगले 10 घंटे में 15 राज्यों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत में मानसून पूरी तरह एक्टिव है. मौसम विभाग ने अगले 10 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. इस दौरान पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और दिल्ली-NCR में उमस बढ़ने की संभावना है.

Monsoon, Weather, IMD Alert

Weather Update: उत्तर भारत के कई हिस्सों में इस समय मानसून पूरी तरह मेहरबान है लेकिन कुछ इलाकों के लिए यह आफत बनकर आया है. मुंबई समेत कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. इसी बीच मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है. अगले 10 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और त्रिपुरा शामिल हैं.

दिल्ली-NCR में बारिश के साथ उमस

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) के लोगों को आने वाले दिनों में मौसम के दोतरफा मिजाज को झेलना पड़ेगा. मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की फुल्की फुहारें पड़ सकती हैं लेकिन भारी बारिश की उम्मीद नहीं है. हल्की बारिश के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी होगी जिससे उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और 13-14 जुलाई को भी मौसम का यही हाल रहने वाला है.

यूपी-बिहार में तूफानी हवाओं के साथ बरसात

उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है. यूपी के लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा, रायबरेली, गोरखपुर और कुशीनगर समेत कई जिलों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. लखनऊ में आज पारा 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.

वहीं बिहार की बात करें तो राजधानी पटना में तापमान 33 डिग्री के करीब रहेगा. हालांकि मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली और किशनगंज जैसे कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. इन इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

ये भी पढ़ें- खराब बेबी फूड और सड़े अंडे…एक्सपायर्ड सामान को लेकर FSSAI की रडार पर आया ‘स्वीगी इंस्टामार्ट’

पहाड़ों पर आफत

पहाड़ी राज्यों में रहने वाले और वहां घूमने जाने वालों के लिए अगले कुछ दिन बेहद सतर्क रहने वाले हैं. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ समेत 8 जिलों में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने भूस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ को लेकर लोगों को सावधान किया है.

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और मंडी जैसे पर्यटन स्थलों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. मनाली में तो पारा गिरकर अधिकतम 16 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

बंगाल और दक्षिण भारत का हाल

पश्चिम बंगाल में भी मानसून की रफ्तार तेज हो गई है. कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले 4-5 दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. नादिया, बांकुड़ा और पूर्व बर्धमान में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के तमिलनाडु में भी मौसम का असर दिख रहा है. चेन्नई समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है. मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read