Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: नए साल पर ठंड का सितम, दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट और उत्तर भारत में शीतलहर का कहर

उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे के बीच नए साल का आगाज़ हुआ है. दिल्ली में आज बारिश की संभावना है, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पारा और गिरेगा.

Weather Update, New Year Weather, IMD Alert

Weather Update: नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर और मध्य भारत में कुदरत के तेवर तीखे हो गए हैं. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में इन दिनों ‘हड्डियां गला देने वाली’ ठंड पड़ रही है. सुबह के वक्त घने कोहरे की चादर ऐसी लिपटी रहती है कि कुछ मीटर दूर का भी दिखाई नहीं देता. सर्द हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है और दोपहर में भी सूरज के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं.

अगर आप सोच रहे थे कि नया साल कुछ राहत लेकर आएगा, तो मौसम विभाग की ताजा अपडेट आपकी चिंता बढ़ा सकती है.

दिल्ली-NCR में हो सकती है बारिश

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज मौसम अपना मिजाज बदल सकता है. पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने एक चक्रवाती सिस्टम की वजह से दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. अगर आज बारिश होती है, तो यह इस सीजन की पहली बारिश होगी. हालांकि, राहत की उम्मीद कम ही है क्योंकि 3 जनवरी से बर्फीली हवाएं दिल्ली का रुख करेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे जा सकता है.

यूपी-बिहार में शीतलहर का डबल अटैक

यूपी के करीब 40 से 45 जिलों में मौसम विभाग ने घने कोहरे और शीतलहर का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से लखनऊ, कानपुर और आगरा समेत 17 जिलों में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं. बारिश के बाद जैसे ही आसमान साफ होगा, गलन और ज्यादा बढ़ जाएगी.

बिहार का हाल भी जुदा नहीं है. पटना से लेकर गया और मुजफ्फरपुर तक पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है. विजिबिलिटी कम होने की वजह से ट्रेनें और फ्लाइट्स अपने तय समय से घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की फजीहत हो रही है. अगले दो-तीन दिनों तक बिहार के 25 जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने वाला है.

ये भी पढ़ें- उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने दी शीतलहर और बर्फबारी की चेतावनी

राजस्थान-पंजाब-हरियाणा में शून्य के करीब पहुंचा पारा

राजस्थान में भी नए साल पर बादलों ने डेरा डाल लिया है. जयपुर, बीकानेर और भरतपुर में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन असली खेल 2 जनवरी के बाद शुरू होगा. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. उधर, पंजाब और हरियाणा में भी नए साल का स्वागत बूंदाबांदी से होने की उम्मीद है. अमृतसर, लुधियाना और चंडीगढ़ जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान पहले ही काफी नीचे गिर चुका है.

पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण में बेमौसम बारिश

पहाड़ों की बात करें तो उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है. चमोली, उत्तरकाशी और लाहौल-स्पीति जैसे इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है.

हैरानी की बात यह है कि उत्तर में पड़ रही ठंड के बीच दक्षिण भारत के कुछ राज्यों जैसे तमिलनाडु और कर्नाटक में भी ‘वेदर सिस्टम’ एक्टिव होने की वजह से आंधी और बारिश का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जैसे इलाकों में भी हल्की बारिश या बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read