Bharat Express DD Free Dish

उत्तर भारत में हाड़ कपाने वाली ठंड! पहाड़ों से मैदानों तक बर्फीली हवाओं का टॉर्चर, जानें आपके शहर का हाल

उत्तर भारत में ठंड का कहर! IMD ने दिल्ली, हरियाणा और यूपी के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. जानें हिसार, दिल्ली, कश्मीर और मनाली समेत आपके शहर के तापमान का ताजा हाल.

Weather Update, Cold wave, IMD alert

Weather Update: उत्तर भारत में इस समय कुदरत के कड़े तेवर देखने को मिल रहे हैं. पहाड़ों से उतरकर आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ऐसा डेरा डाला है कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. साफ आसमान और तेज शीतलहर के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 13 जनवरी 2026 की सुबह उत्तर भारत के कई हिस्सों के लिए ‘कोल्ड टॉर्चर’ लेकर आई, जहां पारा 5 डिग्री सेल्सियस के भी नीचे लुढ़क गया.

दिल्ली-NCR में ठिठुरन ने छुड़ाए पसीने

देश की राजधानी दिल्ली में भी ठंड ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर ली है. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह और रात के समय चलने वाली शीतलहर इतनी तेज है कि गर्म कपड़ों की कई परतें भी कम महसूस हो रही हैं. आयानगर और पालम में भी पारा क्रमश: 3.2 और 4.0 डिग्री रहा. दिल्ली वालों के लिए फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं.

हरियाणा और यूपी में ‘बर्फ’ जैसी ठंड

अगर मैदानी इलाकों की बात करें तो इस वक्त हरियाणा ठंड का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. हिसार में न्यूनतम तापमान महज 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने पूरे उत्तर भारत को ठिठुरा दिया. इसके अलावा करनाल में 2 डिग्री और चंडीगढ़ में 2.8 डिग्री के साथ लोग हाड़ कपाने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के हालात भी कुछ जुदा नहीं हैं. पश्चिमी यूपी के जिलों में तो सुबह के वक्त ऐसा सन्नाटा पसरा रहता है जैसे कर्फ्यू लगा हो. मुजफ्फरनगर में तापमान 2.1 डिग्री तक गिर गया, जबकि मेरठ, बरेली और नजीबाबाद में भी पारा 3 से 4.5 डिग्री के बीच झूल रहा है. बुलंदशहर जैसे जिलों में भी 5 डिग्री तापमान के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी की नई गारंटी: 125 दिन का रोजगार, VB-G-RAM-G से ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार

पहाड़ों पर कुदरत का ‘कोल्ड स्ट्राइक’

पहाड़ी राज्यों में तो स्थिति और भी गंभीर है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में तापमान माइनस 6.2 डिग्री तक गिर चुका है. श्रीनगर, कुपवाड़ा और गुलमर्ग जैसे मशहूर पर्यटन स्थल इस समय ‘डीप फ्रीजर’ बने हुए हैं, जहां पारा शून्य से कई डिग्री नीचे है.

हिमाचल प्रदेश के कल्पा में तापमान 0 डिग्री पर टिका है, वहीं मनाली और सोलन में भी भीषण ठंड का प्रकोप है. उत्तराखंड के मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी पारा 3 डिग्री के आसपास बना हुआ है. आने वाले दिनों में मुश्किल और बढ़ सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. लद्दाख में तो पारा माइनस 11 डिग्री तक जाने की आशंका है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read