Bharat Express DD Free Dish

‘सितंबर के पहले ही दिन इंद्रदेव का हल्लाबोल…!’ दिल्ली-यूपी में बारिश का होगा कमबैक?

1 सितंबर को दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है…

Weather Update

दिल्ली, यूपी, बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Weather Update Today: 1 सितंबर की सुबह के साथ ही देश भर में मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह बदल चुका है! भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि आज देश के कई हिस्सों में बादलों की भयंकर गर्जना के साथ झमाझम बारिश होने वाली है. जहां राजधानी दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिलेगा.

वहीं ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तो बारिश तबाही मचाने के मूड में है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से पूर्वोत्तर और मध्य भारत में सितंबर की शुरुआत भारी से बहुत भारी बारिश के रेड अलर्ट के साथ हो रही है.

दिल्ली-NCR में छाए घने काले बादल(Weather Update Today)

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है. IMD के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक आज दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. भले ही तापमान में कोई बहुत बड़ी गिरावट न दिखे, लेकिन बारिश की फुहारों से बीते दो दिनों से सता रही चिपचिपी गर्मी और उमस से दिल्ली वालों को बड़ी राहत मिलने वाली है.

यूपी-बिहार में वज्रपात का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की हिदायत दी है. खासकर पूर्वी यूपी के जिलों में आज तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा. कई जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा मंडरा रहा है. वहीं बिहार में भी मानसून पूरी तरह मेहरबान है और मध्य भारत में बने लो-प्रेशर सिस्टम के असर से राज्य के कई इलाकों में अचानक मुसलाधार बारिश की स्थिति बन सकती है.

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग की मानें तो आज (Weather Update Today) सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लोगों को है. बंगाल की खाड़ी से उठे कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Zone) के चलते ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आज अत्यधिक भारी बारिश (Extremely Heavy Rainfall) होने की आशंका है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसे हालात बनने का खतरा बढ़ गया है, जिसके चलते संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

पहाड़ियों में लैंडस्लाइड की बढ़ी टेंशन

मौसम का यह रौद्र रूप केवल यहीं तक सीमित नहीं है. मध्य प्रदेश, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं. वहीं अगर बात करें पहाड़ी राज्यों की, तो उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन (Landslide) और रास्ते बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. पूर्वोत्तर के सातों राज्यों-असम, मेघालय, अरुणाचल से लेकर त्रिपुरा तक-आज बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.

जानिए पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना यह मौसम सिस्टम अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा है. इसका सीधा मतलब यह है कि सितंबर का यह पहला हफ्ता पूरे मध्य और पूर्वी भारत के लिए राहत कम और आफत ज्यादा लेकर आ सकता है.

वहीं रुक-रुक कर होने वाली यह बारिश जहां फसलों के लिए संजीवनी बनेगी, वहीं निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव लोगों की मुसीबतें बढ़ा सकता है. इसलिए बाहर निकलने से पहले मौसम का हाल जरूर देख लें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read