Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

तिरुपति प्रसाद विवाद के बाद अमूल ने साइबर क्राइम ब्रांच में क्यों दर्ज करायी शिकायत?

आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में प्रसाद के तौर पर मिलने वाले लड्डूओं को बनाने में इस्तेमाल घी में जानवरों की चर्बी मिली होने का आरोप लगा है. इस विवाद के उभरने के बाद अमूल ने गुजरात पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

(प्रतीकात्मक फोटो: विकिपीडिया)

Prashant Rai Edited by Prashant Rai

तिरुपति बालाजी मंदिर प्रसाद विवाद में अमूल द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करायी गई है. इसकी शिकायत अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच को की गई है.

गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के एमडी जयेन मेहता ने कहा कि आंध्र प्रदेश में तिरुपति देवस्थानम में घी में कई तरह की मिलावट पाई गई. वो घी अमूल का है, ऐसा कुछ लोगों ने दुष्प्रचार शुरू किया, जिसे रोकने के लिए हमने अहमदाबाद के साइबर क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज कराई है.

अमूल के खिलाफ दुष्प्रचार

उन्होंने आगे कहा कि ये मामला अमूल के साथ जुड़े हुए 36 लाख परिवारों के लिए बड़ा गंभीर है. हम बताना चाहते हैं कि अमूल ने कभी भी वहां पर घी सप्लाई नहीं किया है और अमूल के जो प्रोडक्ट हैं, वो अच्छे गुणवत्ता के हैं, सबसे उच्च मानक से वो पास होते हैं और हम अपने करोड़ों उपभोक्ताओं को ये भरोसा दिलाना चाहते है.

उन्होंने कहा कि एक्स पोस्ट के माध्यम से काफी सारा दुष्प्रचार हो रहा था, जिसके बाद हमने ये स्पष्टीकरण जारी किया है कि अमूल ने कभी भी वहां पर घी का सप्लाई नहीं किया है. लोगों को इस गलत जानकारी और दुष्प्रचार से दूर रहने की हम लोग अपील करते हैं.

अमूल ने दी सफाई

इससे पहले अमूल कंपनी ने बयान जारी अपना रुख साफ किया था. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पुष्टि की है कि उन्होंने कभी भी तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को घी की आपूर्ति नहीं की है. अमूल ने एक्स पोस्ट में कहा, “यह कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के संदर्भ में है जिसमें उल्लेख किया गया था कि अमूल घी तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को आपूर्ति की जा रही थी. हम सूचित करना चाहते हैं कि हमने कभी भी TTD को अमूल घी की आपूर्ति नहीं की है.”

अमूल घी की गुणवत्ता पर कंपनी का बयान

पोस्ट में आगे कहा गया कि, “हम यह भी स्पष्ट करना चाहेंगे कि अमूल घी हमारे अत्याधुनिक उत्पादन सुविधाओं में दूध से बनाया जाता है जो अन्तर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO) द्वारा प्रमाणित हैं. अमूल घी उच्च गुणवत्ता वाले शुद्ध दूध वसा से बनाया जाता है. हमारी डेरियों में प्राप्त दूध भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा तय निर्देशानुसार जांच की सख्त प्रक्रिया से गुजरता है. अमूल घी पचास से अधिक वर्षों से भारत का सबसे भरोसेमंद घी ब्रांड रहा है और भारतीय घरों का एक अभिन्न अंग बना हुआ है. यह पोस्ट अमूल के खिलाफ इस गलत सूचना अभियान को रोकने के लिए जारी की जा रही है. किसी भी प्रश्न के मामले में, कृपया हमारे टोल-फ्री नंबर 1800 258 3333 पर कॉल करें.”

ये भी पढ़ें- ‘टाइगर पटौदी’: एक आंख खोने के बावजूद जमाई क्रिकेट के मैदान पर धाक, 21 साल की उम्र में बने कप्तान और बदल दिया टेस्ट इतिहास

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital