सीएम योगी आदित्यनाथ
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल पर यमुना की सफाई तथा दूसरे मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला. उन्होंने यूपी की भाजपा सरकार के कामकाज से तुलना करते हुए कहा कि उनकी पूरी कैबिनेट ने महाकुंभ नगर में गंगा में डुबकी लगाई है, क्या केजरीवाल यहां यमुना में डुबकी लगाने की हिम्मत कर सकते हैं?
योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यमुना के प्रदूषण के परिप्रेक्ष्य में कहा, “क्या केजरीवाल यमुना में डुबकी लगा सकते हैं? केजरीवाल ने यमुना को नाला बना दिया. हमने पूरी कैबिनेट के साथ संगम में डुबकी लगाई.”
AAP ने नहीं होने दिया ओखला का विकास
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने ओखला का विकास नहीं होने दिया जबकि हमने उत्तर प्रदेश में ‘न्यू ओखला’ के रूप में पूरा नगर विकसित किया. आप के नेताओं को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की स्थिति जाकर देखनी चाहिए. उल्लेखनीय है कि नोएडा का पूरा नाम “न्यू ओखला इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी” है.
घुसपैठियों को अवैध आधार कार्ड
यूपी के सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के घर में “आधार कार्ड की मशीन” के माध्यम से बांग्लादेशी घुसपैठियों को अवैध आधार कार्ड दिए गए. ये लोग देश और जनता को धोखा दे रहे हैं. अब दिल्ली की जनता इनके झांसे में नहीं आएगी. ये लोग कहते हैं कि इन्होंने दिल्ली को बिजली-पानी दिया. पर इन्होंने यह नहीं बताया कि एनडीएमसी के अंतर्गत जहां बिजली मिल रही है, वह गृह मंत्रालय के अंतर्गत है, बाकी जगह बिजली कट है. उत्तर प्रदेश आकर देखिए हम हर जिला मुख्यालय को इनसे अच्छी और सस्ती बिजली दे रहे हैं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज भाजपा की डबल इंजन की सरकारें आपके आसपास काम करती नजर आ रही हैं. इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश हैं. मुल्ला और मौलवी को ये लोग पहले से वेतन देते थे. दिल्ली की आर्थिक स्थित इतनी खराब है कि उनको कई महीनों से वेतन नहीं मिला. जब उन लोगों ने विरोध किया तो उसे दबाने के लिए इन्होंने पुजारी और ग्रंथियों को भी वेतन देने का ऐलान किया.”
उन्होंने सवाल किया कि क्या आप सरकार ने धार्मिक काम किया है? धार्मिक आयोजनों का मॉडल देखना है तो वाराणसी आइए, अयोध्या आइए या प्रयागराज आकर महाकुंभ का विकास मॉडल देखिए. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी “बांटो और राज करो” की नीति के तहत भत्ते पर भत्ते दे रही है.
इसे भी पढ़ें- ‘मोदी- योगी से दक्षिणा लिए बिना नहीं जाएंगे’, बोले देवकीनंदन महाराज— सनातन बोर्ड चाहिए
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





