Bharat Express DD Free Dish

IPL फाइनल से पहले RCB फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! बिना खेले भी चैंपियन बन सकती है विराट कोहली की टीम, जानिए आईपीएल का नियम

IPL 2026 का फाइनल RCB और GT के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. यदि मैच बारिश से प्रभावित होता है तो क्या होगा जानिए.

IPL 2026 Final

IPL 2026 Final RCB vs GT

IPL 2026 Final RCB vs GT: आईपीएल 2026 का फाइनल (IPL 2026 Final) रविवार (31 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस खिताब के लिए भिड़ेंगी (RCB vs GT Final). लंबे टूर्नामेंट के बाद अब सभी की नजरें इस मुकाबले पर हैं, लेकिन मौसम ने नई चिंता खड़ी कर दी है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अहमदाबाद और गुजरात के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 31 मई को शहर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही कुछ जगहों पर बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है. ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर बारिश के कारण फाइनल प्रभावित हुआ या मैच शुरू ही नहीं हो पाया तो क्या होगा. आइए जानते हैं बारिश होने पर क्या कहता है IPL का नियम और कौन बनेगा विजेता?

बारिश होने पर क्या होंगे नियम?

अगर फाइनल के दौरान बारिश बाधा डालती है, तो मैच को उसी दिन पूरा कराने की पूरी कोशिश की जाएगी. जरूरत पड़ने पर ओवर कम किए जा सकते हैं और खेल के लिए 120 मिनट का अतिरिक्त समय भी उपलब्ध रहेगा. नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने जरूरी होंगे. यदि मौसम लगातार खराब रहता है और मुकाबला शुरू कराना संभव नहीं हो पाता, तो मैच को अगले दिन यानी रिजर्व डे (1 जून) पर कराया जाएगा. आईपीएल का उद्देश्य यही रहेगा कि चैंपियन का फैसला मैदान पर खेलकर ही किया जाए.


ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: क्या है BCCI का मास्टरप्लान? क्यों कटे सूर्या-शुभमन के पत्ते और कैसे चमकी वैभव की किस्मत?


रिजर्व डे पर भी बारिश हुई तो क्या होगा?

यदि 1 जून को रिजर्व डे के दिन भी मौसम की वजह से मैच नहीं खेला जा सका, तो फाइनल रद्द माना जाएगा. ऐसी स्थिति में विजेता का फैसला लीग चरण की पॉइंट्स टेबल के आधार पर किया जाएगा. क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू लीग स्टेज में शीर्ष स्थान पर रही थी, जबकि गुजरात टाइटंस दूसरे नंबर पर थी, इसलिए मैच रद्द होने की स्थिति में RCB को चैंपियन घोषित किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read