स्कूल परिसर में मिला युवक का शव
Delhi Crime: दिल्ली/ Vivek Patania: उत्तर पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र में एक स्कूल परिसर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान कराई लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
स्कूल परिसर के अंदर मिला सड़ा गला शव
पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि हर्ष विहार थाना क्षेत्र में स्थित एक स्कूल परिसर की पिछली दीवार के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि स्कूल परिसर के अंदर पिछली दीवार के पास एक पेड़ के नजदीक एक पुरुष का शव पड़ा हुआ था, जो काफी हद तक सड़ी-गली अवस्था में था. शव की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई होगी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट की रिंग में वापसी: दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI को फटकारा, एशियन गेम्स ट्रायल्स में खेलने की दी हरी झंडी
बीएनएसएस की धारा 194 के तहत शुरू की गई कार्रवाई
मामले में हर्ष विहार थाने में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और स्कूल परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. फिलहाल मृतक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मृतक के परिजन का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






