Prayagraj triple murder case
Prayagraj triple murder case: प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले. कुकरकटवा गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
घर के बाहर मिले एक ही परिवार के तीन शव
मृतकों की पहचान श्याम लाल गुप्ता (65), अमरावती देवी (55) और इंद्रावती देवी (करीब 50) के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोगों ने घर के बाहर तीनों के शव पड़े देखे तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहते हैं. ऐसे में घर पर कम लोग ही मौजूद थे. घटना किस समय और किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, एक साथ तीन लोगों की हत्या से गांव में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
सूचना मिलने पर मेजा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: 25 साल मिल में खपाई जिंदगी, अब 800 रुपये पेंशन पर गुजारा! कताई मिल श्रमिकों ने CM योगी से लगाई गुहार
पुरानी रंजिश की वजह से भी हो सकती है हत्या- पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमरावती देवी के पति नेब्बू लाल राजस्थान में रहकर जीविका चलाते हैं. वहीं इंद्रावती देवी के पति दूधनाथ का पहले ही निधन हो चुका है. श्याम लाल गुप्ता परिवार के बड़े सदस्य और जेठ बताए जा रहे हैं. पुलिस पारिवारिक विवाद, रंजिश और अन्य संभावित कारणों समेत हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
