BR Gavai Letter to President on Collegium Bias
BR Gavai Letter to President on Collegium Bias: पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई ने न्यायपालिका में जजों की नियुक्तियों को लेकर कॉलेजियम व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को तीन पन्नों का पत्र लिखकर न्यायिक नियुक्तियों में सामाजिक विविधता और समान प्रतिनिधित्व की अनदेखी पर चिंता जताई है. गवई का आरोप है कि हाल के वर्षों में न्यायाधीशों की नियुक्तियों और तबादलों में एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यकों और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है. उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है.
कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
राष्ट्रपति को लिखे पत्र में बीआर गवई ने कहा कि उन्होंने कॉलेजियम का हिस्सा रहते हुए और CJI के पद पर रहते हुए हमेशा न्यायपालिका में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया. उनके मुताबिक, न्यायिक नियुक्तियों में मेरिट के साथ सामाजिक समावेशिता भी महत्वपूर्ण है. हालांकि, हाल के नियुक्तियों और तबादलों से ऐसा प्रतीत होता है कि इस सिद्धांत की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी विशेष समुदाय के उम्मीदवारों की नियुक्ति के विरोध में नहीं हैं, बल्कि सभी वर्गों के बीच संतुलन चाहते हैं.
715 जजों की नियुक्ति के आंकड़ों का दिया हवाला
बीआर गवई ने अपने पत्र में मार्च 2025 में राज्यसभा में केंद्रीय कानून मंत्री की ओर से दिए गए आंकड़ों का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से नियुक्त 715 हाईकोर्ट जजों में केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे.
उन्होंने जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों का हवाला देते हुए कहा कि सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी रही, जबकि OBC वर्ग को लगभग 14 फीसदी प्रतिनिधित्व मिला. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी एक ऐसे समुदाय का प्रतिनिधित्व बढ़ने पर सवाल उठाया, जिसकी देश की आबादी में हिस्सेदारी पांच फीसदी से कम बताई गई है, लेकिन न्यायपालिका में उसका प्रतिनिधित्व 40 फीसदी से अधिक हो गया है.
जजों के तबादलों और पदोन्नति पर भी सवाल
पूर्व CJI ने हाईकोर्ट के जजों के तबादलों के कुछ मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि फैसलों में योग्यता और कार्यक्षमता को पर्याप्त महत्व नहीं दिए जाने की धारणा बन रही है. उन्होंने एक मुख्य न्यायाधीश के तबादले और दूसरे योग्य मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेजे जाने का उदाहरण दिया. इसके अलावा उन्होंने एक अन्य जज के कई बार तबादले के बाद उन्हें प्रतिष्ठित हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश पर भी सवाल उठाया. गवई ने पूछा कि जिन परिस्थितियों में पहले तबादले किए गए, उनमें अब पदोन्नति की सिफारिश किस आधार पर की गई है.
राष्ट्रपति से संवैधानिक हस्तक्षेप की अपील
बीआर गवई ने अपने पत्र में संविधान के अनुच्छेद 124(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं. हालांकि, इस प्रक्रिया में कॉलेजियम की सिफारिशों की अहम भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि कॉलेजियम व्यवस्था का मतलब यह नहीं है कि वह जवाबदेही से मुक्त हो गई है या राष्ट्रपति के संवैधानिक दायित्व समाप्त हो गए हैं.
पत्र के अंत में उन्होंने राष्ट्रपति से न्यायपालिका में सामाजिक विविधता और समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने की अपील की. इस पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



