फिल्म अभिनेता सलमान खान और फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ से जुड़े कानूनी विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है. अदालत इस मामले पर आगामी 16 दिसंबर को सुनवाई करेगी.
सुनवाई के दौरान क्या रहा घटनाक्रम?
मामले की सुनवाई के दौरान फिल्म निर्माता अमित जानी के वकील ने सलमान खान की ओर से दायर उस याचिका के अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) पर सवाल उठाए, जिसमें फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई थी. निर्माता की ओर से यह भी मांग की गई कि इस कानूनी कार्यवाही के बीच संबंधित मुकदमे की सुनवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए. हाईकोर्ट अब अगली सुनवाई में इस बात पर विचार करेगा कि फिल्म निर्माता की इस मांग पर कोई अंतरिम राहत दी जा सकती है या नहीं.
ये भी पढ़ें: महिला पहलवानों की अपील पर राऊज एवेन्यु कोर्ट में सुनवाई; बृजभूषण सिंह को बरी किए जाने को दी गई है चुनौती
इससे पहले अभिनेता सलमान खान ने फिल्म के मेकर्स और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एक स्थायी और अंतरिम रोक की मांग करते हुए याचिका दायर की थी. इस पर कोर्ट ने पहले अंतरिम राहत प्रदान की थी. सलमान खान का आरोप है कि यह फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण शिकार मामले पर आधारित है, जिससे उनके ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ (व्यक्तित्व अधिकारों) का सीधा उल्लंघन होता है.
सलमान खान की याचिका के मुख्य आरोप
नाम, छवि और पहचान का दुरुपयोग: याचिका में कहा गया है कि फिल्म निर्माता कमर्शियल फायदे के लिए उनकी बिना इजाजत उनके नाम, इमेज और पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं.
हमशक्ल और ब्रेसलेट का इस्तेमाल: सलमान खान का दावा है कि फिल्म में उनके हमशक्ल (Lookalike) का इस्तेमाल किया गया है और उन्हें बिल्कुल वैसा ही ब्रेसलेट पहने हुए दिखाया गया है, जैसा अभिनेता खुद पहनते हैं.
ये भी पढ़ें: ‘युवाओं के भविष्य और करियर को भी देखना होता है’, सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में याचिका ठुकराई
ट्रेलर और सोशल मीडिया चर्चा
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म “काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी” के ट्रेलर में मुख्य किरदार की शैली, पहनावा और हाव-भाव को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी. अभिनेता का कहना है कि फिल्म में दिखाए गए किरदार का लुक उनकी छवि से मेल खाता है, जिससे दर्शकों के बीच उनकी व्यक्तिगत पहचान से जुड़ाव का गलत फायदा उठाया जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


