Bharat Express DD Free Dish

पश्चिम बंगाल के पहले फेज के चुनाव में 92 फीसदी मतदान होने पर सीजेआई ने जाहिर की अपनी खुशी!

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान 92% मतदान का मुद्दा उठा. कोर्ट ने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक बताया.

West Bengal elections
Edited by Shubhra Rai
सुप्रीम कोर्ट में पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान 92% मतदान पर खुशी जताई गई. वहीं ट्रिब्यूनल में लंबित 27 लाख अपीलों में से केवल 136 के निपटारे पर चिंता जताई गई. कोर्ट ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से संपर्क की अनुमति दी और एनआईए को जांच के लिए समय दिया.

कुल 92 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल एसआईआर मामले की सुनवाई के दौरान टीएमसी के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के वकील कल्याण बनर्जी ने कहा कि इस बार 92 फीसदी मतदान हुआ है. दूर-दूर से प्रवासी मजदूर मतदान करने आए है. इसपर सीजेआई सूर्यकांत ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के नागरिक के रूप में, मुझे मतदान प्रतिशत देखकर बहुत खुशी हुई.

जब लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं, तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है. वही जस्टिस बागची ने कहा कि हिंसा की कोई घटना भी नहीं हुई है. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि 92 फीसदी ऐतिहासिक मतदान है. लेकिन मैं श्री बनर्जी से सहमत हूं. कुछ घटनाओं को छोड़कर यह एक शांतिपूर्ण चुनाव था.

जस्टिस बागची ने बंगाली में टिप्पणी करते हुए कहा कि “राजये-राजये जुद्धो होये, कुलो कांगरार जान जाए”, जस्टिस बागची ने चुनाव आयोग से कहा कि पहली बार आपके मुवक्किल की हर तरफ से सराहना रही है.

27 लाख अपीलों में से केवल 136 का ही निपटारा

सुनवाई के दौरान कल्याण बनर्जी ने कहा कि पिछले तीन दिनों से कलकत्ता हाईकोर्ट की विभिन्न अदालतों ने भारतीय चुनाव आयोग को फटकार लगाई है. इसपर चुनाव आयोग के वकील नायडू ने कहा कि यह झूठ है. साथ ही उन्होंने कहा कि बनर्जी ने मुझसे कहा कि आप कुछ भी नहीं है और यह मेरी शख्सियत नहीं है.

बनर्जी ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि मैंने 45 साल वकालत की है. आप मुझे बहस करना सिखाएंगे. आप न्यायाधीश रह चुके हैं, बस इतना ही. बनर्जी ने कोर्ट को बताया कि ट्रिब्यूनल में दायर की गई 27 लाख अपीलों में से केवल 136 का ही निपटारा हुआ है. यह बेहद दुःखद है. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि कृपया कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से संपर्क करने को कहा है.

मामले में पहली जांच रिपोर्ट पेश

बनर्जी ने कोर्ट से कहा कि ट्रिब्यूनल में लंबित अपीलों का शीघ्र निपटारा चाहिए. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हम समझते हैं कि कुछ ऐसा मुद्दा उठेगा, जिसपर हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश या अपीलीय न्यायाधिकरण के ध्यान की आवश्यकता होगी. हम ऐसे मुद्दों के लिए हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से संपर्क करने की अनुमति देते हैं.

वही पश्चिम बंगाल एसआईआर के दौरान न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में एनआईए की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में पहली जांच रिपोर्ट पेश कर दी है. एएसजी एसवी राजू ने कहा कि चार्जशीट दाखिल करने के लिए हमें समय दीजिए. वे जांच में पूरी तरह से जुटे हुए हैं. इसके बाद सीजेआई ने एनआईए को समय दे दिया है.

यह भी पढ़ें: बंगाल में रिकॉर्ड 92.88% वोटिंग! ‘परिवर्तन’ की सुनामी या ‘दीदी’ की वापसी? जानें अमित शाह के ‘सुशासन’ वाले बयान ने क्यों बढ़ा दी सियासी हलचल

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read