Bharat Express DD Free Dish

यूएई में शहजादी को दी गई फांसी, केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को दी जानकारी

केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि उत्तर प्रदेश की शहजादी को 15 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फांसी दे दी गई.

Shahzadi UAE execution
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि उत्तर प्रदेश की शहजादी को 15 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फांसी दे दी गई. सरकार के अनुसार, शहजादी का अंतिम संस्कार 5 मार्च को किया जाएगा. इस जानकारी के बाद कोर्ट ने शहजादी के पिता की ओर से दायर याचिका का निपटारा कर दिया.

एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कोर्ट को बताया कि अधिकारी हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं. शहजादी के पिता ने विदेश मंत्रालय से उनकी बेटी की सजा पर हस्तक्षेप करने की अपील की थी. भारतीय दूतावास को 28 फरवरी 2025 को यूएई सरकार ने सूचित किया कि शहजादी को फांसी दी जा चुकी है.

बेटी को बचाने के लिए पिता ने लगाई थी गुहार

सितंबर 2024 में शहजादी के पिता शब्बीर ने बाँदा में कहा था कि उनकी बेटी, जो लंबे समय से यूएई की जेल में बंद थी, ने फोन करके बताया था कि उसे 20 सितंबर के बाद किसी भी दिन फांसी दी जा सकती है. इसके बाद, शब्बीर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल भेजकर अपनी बेटी की जान बचाने की अपील की थी.

आगरा के रहने वाले उजैर नाम के व्यक्ति ने शहजादी को यूएई में एक दंपत्ति के पास काम करने के लिए छोड़ दिया था. उसने लक्जरी जीवन और चेहरे के इलाज का लालच देकर शहजादी को आगरा के ही रहने वाले एक दंपत्ति को बेच दिया था.

बच्चे की मौत के बाद लगाया गया हत्या का आरोप

अगस्त 2022 में, शहजादी एक परिवार के यहां बच्चे की देखभाल कर रही थी. 7 दिसंबर 2022 को बच्चे को टीका लगाया गया, लेकिन उसी दिन उसकी मौत हो गई. इसके बाद, दंपति ने शहजादी पर बच्चे की हत्या का आरोप लगा दिया.

फांसी से पहले शहजादी ने अपने परिवार से आखिरी बार फोन पर बात की थी. इस दौरान उसने बाँदा में अपने विरोधियों के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने की अपील की थी.


ये भी पढ़ें- दिल्ली हाई कोर्ट ने Nitish Kumar को राहत दी, JDU सांगठनिक चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका खारिज


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read