Bharat Express DD Free Dish

NEET PG -2025 को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, परीक्षा को एक ही शिफ्ट में कराने का दिया आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने NEET PG 2025 परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराने का आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि दो शिफ्ट में परीक्षा से पारदर्शिता और समानता पर असर पड़ेगा. अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी.

NEET PG 2025
Edited by Akansha

NEET PG -2025 को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने नीट परीक्षा को एक ही शिफ्ट में कराने का आदेश दिया है. जस्टिस विक्रमनाथ, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस एन वी अंजारिया की पीठ ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया है. सुनवाई के दौरान NBE की ओर से पेश वकील ने कहा कि अंतिम समय में बदलाव से काफी दिक्कत होगी. इसकी तैयारी मार्च से चल रही है. तैयारियां पूरी हो चुकी है. अचानक बदलाव करने से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

दो शिफ्ट में परीक्षा से पारदर्शिता और समानता पर पडे़गा असर- कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करने से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. कोर्ट ने कहा कि दो शिफ्ट के प्रश्नपत्र पेपर कभी भी एक जैसे डिफकल्टी लेवल के नहीं हो सकती. कोर्ट ने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) की इस दलील को मानने से इनकार कर दिया कि एक शिफ्ट में परीक्षा पर्याप्त सेंटर नहीं मिलेंगे.

कोर्ट 14 जुलाई को करेगा अगली सुनवाई

कोर्ट 14 जुलाई को इस मामले में अगली सुनवाई करेगा. नीट परीक्षा को ज्यादा पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर यूनाइटेड डॉक्टर्स फेडरेशन ने वकील सत्यम सिंह राजपूत के माध्यम से यह याचिका दायर की थी. इसके अलावे भी अन्य मांगों को लेकर याचिका दायर की गई है. जिसपर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया है.

NEET PG -2025 परीक्षा को दो पालियों में कराने की मांग

याचिका में NEET PG -2025 परीक्षा को दो पालियों में कराने और दोनों ही शिफ्ट में अलग-अलग प्रश्न पत्र रखने से संबंधित अन्य की मांग की गई है. याचिका में कहा गया है कि NEET PG -2025 परीक्षा को दो पालियों में कराने और दोनों ही शिफ्ट में अलग-अलग प्रश्न पत्र रखना अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है. बता दें कि 15 जून को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर पोस्टग्रेजुएट 2025 परीक्षा आयोजित करेगा.

दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करने का लगातार हो रहा विरोध

दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करने का लगातार विरोध हो रहा है. फाइमा डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर नीट पीजी 2025 परीक्षा एक शिफ्ट में आयोजित करने की मांग की गई है. हाल ही में एनबीईएमएस ने नीट पीजी 2025 परीक्षा के लिए आवेदन पत्र जारी किया है.

नीट पीजी 2025 परीक्षा सीबीटी मोड़ में की जाएगी आयोजित

नीट पीजी 2025 परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी सीबीटी मोड़ में आयोजित की जाएगी. NEET PG 2025 में 200 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और इनमें से प्रत्येक में अंग्रेजी में चार उत्तर विकल्प होते हैं. उम्मीदवारों को दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनना होगा. परीक्षा की अवधि 3 घंटे और 30 मिनट है. सही उत्तर देने पर 4 अंक मिलते हैं, जबकि गलत उत्तर देने पर 1 अंक काटा जाता है. हालांकि आंसर नहीं करने पर कोई भी अंक नहीं काटा जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस 


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read