Bharat Express DD Free Dish

लेह-लद्दाख यात्रा पर जाने से पहले पढ़ें हेल्थ एडवाइजरी, जानें जरूरी टिप्स

Leh Ladakh travel tips: लेह-लद्दाख जाने वाले टूरिस्ट के लिए प्रशासन ने हेल्थ एडवाइजरी जारी की है. ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी से बचने के लिए डायमॉक्स टैबलेट, पर्याप्त पानी, आराम और शराब-सिगरेट से परहेज करने की सलाह दी गई है.

Leh Ladakh travel tips: अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं और इस बार लेह-लद्दाख को अपना डेस्टिनेशन चुना है तो आपको सिर्फ कपड़े पैक करने से ज्यादा तैयारी करनी होगी. वहां की ऊंचाई और मौसम को देखते हुए शरीर को भी तैयार करना जरूरी है.

ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी

लेह समुद्र तल से काफी ऊपर है, जहां पहुंचने पर शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाता है. इस वजह से कई लोगों की तबीयत बिगड़ सकती है. शरीर को इस माहौल में ढलने के लिए समय चाहिए, जिसे एक्लिमेटाइजेशन कहते हैं. प्रशासन ने सलाह दी है कि यात्रियों को ऊंचाई वाले इलाके में जाने से पहले कम से कम 48 घंटे का समय शरीर को अनुकूल बनाने के लिए देना चाहिए.

रोड ट्रिप से नहीं होता अनुकूलन

कई लोग सोचते हैं कि धीरे-धीरे रोड ट्रिप करने से शरीर खुद-ब-खुद एडजस्ट हो जाएगा. लेकिन प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसा नहीं होता. सड़क से यात्रा करने पर ऊंचाई का असर धीरे-धीरे बढ़ता है लेकिन शरीर को अनुकूल बनाने में यह मददगार नहीं है.

डायमॉक्स टैबलेट की सलाह

एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्रियों को 250mg Acetazolamide (Diamox) टैबलेट दिन में दो बार लेनी चाहिए एक बार नाश्ते के बाद और दूसरी बार रात के खाने के बाद. यह दवा लेह पहुंचने से पहले शुरू करनी है और वहां पहुंचने के बाद भी दो दिन तक जारी रखनी है.

शुरुआती दो दिन आराम करें

लेह पहुंचने के बाद पहले दो दिन किसी भी तरह की एक्टिविटी जैसे ट्रैकिंग, घूमना या ज्यादा चलना नहीं करना चाहिए. शुरुआती समय में आराम करना और फिजिकल एक्सरशन से बचना जरूरी है.

पानी ज्यादा पिएं, शराब-सिगरेट से बचें

टूरिस्ट को रोजाना कम से कम 2-3 लीटर पानी पीने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही शराब, सिगरेट और किसी भी तरह के सिडेटिव से दूर रहने की हिदायत दी गई है.

खाने-पीने का ध्यान

पहले दिन हल्का खाना खाने की सलाह दी गई है ताकि पाचन संबंधी समस्या न हो.

नजरअंदाज न करें ये लक्षण

अगर सिरदर्द, मतली, खांसी, थकान, ध्यान लगाने में परेशानी, नींद की समस्या, भूख कम लगना या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

गंभीर बीमारियों का खतरा

एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि हाई-एल्टीट्यूड पल्मोनरी एडेमा (HAPE) और हाई-एल्टीट्यूड सेरेब्रल एडेमा (HACE) जैसी स्थितियां जानलेवा साबित हो सकती हैं. ऐसे में तुरंत मेडिकल मदद लेना जरूरी है.

ये भी पढ़ें-बिग बॉस फेम प्रणित मोरे के शो पर विवाद, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने दर्ज की FIR

इमरजेंसी नंबर

जरूरत पड़ने पर स्थानीय हेल्थ ऑफिसर और अस्पताल से तुरंत संपर्क करें:

  • CMO Office Leh [01982-252012](tel:01982-252012)
  • Medical Superintendent, SNM Hospital Leh [01982-252014](tel:01982-252014)
  • Casualty SNM Hospital Leh [01982-053629](tel:01982-053629)

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read