Pranit More controversy: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे का शो एक बार फिर सुर्खियों में है. सोशल मीडिया पर उनके शो की कुछ क्लिप्स तेजी से फैल रही हैं, जिनमें बेहद आपत्तिजनक बातें सुनाई दे रही हैं. एक वीडियो में हिमांशु जांगड़ा डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले लड़की से शारीरिक संबंध बनाने की बात करता है. वहीं दूसरी क्लिप में डॉ. सेजल पवार मेडिकल कैडेवर और मृत शरीर के प्राइवेट पार्ट पर मजाक करती नजर आती हैं.
प्रणित मोरे पर सवाल
इन क्लिप्स के सामने आने के बाद लोगों ने प्रणित मोरे पर सवाल उठाए हैं. दर्शकों का कहना है कि कॉमेडियन ने ऐसी बातें सुनकर टोकने के बजाय हंसकर माहौल को हल्का किया. यही वजह है कि शो को लेकर विवाद और ज्यादा बढ़ गया है.
साइबर पुलिस की कार्रवाई
मामला गंभीर होते देख महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कदम उठाया है. नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पर फैलाए गए अश्लील और अपमानजनक कंटेंट को लेकर यह कार्रवाई की गई है.
दर्ज हुई FIR की धाराएं
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 75(1)(iv), 75(3), 294, 353(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि शो में महिलाओं, सहमति और मृत व्यक्तियों को लेकर अश्लील टिप्पणियां की गईं, जो समाज के मानकों के खिलाफ हैं.
क्लिप्स में क्या था?
जांच में सामने आया कि एक क्लिप में हिमांशु जांगड़ा ने डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले शारीरिक संबंध बनाने का हक जताया, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची. दूसरी क्लिप में डॉ. सेजल पवार ने मृत पुरुषों और मेडिकल कैडेवर पर मजाक किया, जिसे पुलिस ने सार्वजनिक शालीनता और मृतकों की गरिमा का अपमान बताया.
समन जारी
पुलिस ने प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को समन भेजा है. उन्हें महाराष्ट्र साइबर के सामने पेश होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है. फिलहाल जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें-‘आज रात ईरान पर बड़ा हमला होगा’, क्या खर्ग द्वीप पर कब्जे की तैयारी में हैं ट्रंप?
साइबर पुलिस की अपील
महाराष्ट्र साइबर ने कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे ऑनलाइन कंटेंट बनाते समय जिम्मेदारी दिखाएं और कानून का पालन करें. उन्होंने नागरिकों से भी कहा है कि अश्लील या आपत्तिजनक कंटेंट को शेयर या फॉरवर्ड न करें, क्योंकि ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. साथ ही गलत कंटेंट की रिपोर्ट करने की भी सलाह दी गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


