Health Department Guidelines:
Health Department Guidelines: इन दिनों पड़ रही गर्मी ने न केवल इंसानों को परेशान किया है, बल्कि रेंगने वाले जीवों का हाल भी बेहाल कर दिया है. बिलों के भीतर तापमान बढ़ने और पानी की कमी होने के कारण जहरीले सांप अब इंसानी बस्तियों और घरों की ओर रुख कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है कि सांप गर्मी से बचने के लिए घरों के ठंडे कोनों, जैसे बाथरूम, कूलर, जूतों और स्टोर रूम में छिप सकते हैं.
सांपों को घर से दूर रखने के 5 उपाय
स्वास्थ्य विभाग की नई गाइडलाइन के अनुसार, आप अपने घर को ‘स्नेक प्रूफ’ बनाने के लिए ये तरीके अपना सकते हैं:
1.सफाई का रखें खास ख्याल: घरों के आसपास उगी लंबी घास और झाड़ियों की कटाई करें. लकड़ियों के ढेर, पुराने टायर या कचरा घर के पास न जमा होने दें, क्योंकि ये सांपों के छिपने की पसंदीदा जगह हैं.
2.दरारों और छेदों को भरें: घर की दीवारों, पाइपों के आसपास के छेद या दरवाजों के नीचे की खाली जगह को सीमेंट या जाली से बंद कर दें. रात के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें.
3.जूते और हेलमेट पहनते समय सावधानी: घर के बाहर रखे जूते, चप्पल या हेलमेट को पहनने से पहले अच्छी तरह झाड़ लें. सांप अक्सर इनमें कुंडल मारकर बैठ जाते हैं.
4.रात में टॉर्च का इस्तेमाल: अंधेरे में चलते समय हमेशा टॉर्च का उपयोग करें. जमीन पर सोने से बचें और संभव हो तो सोते समय मच्छरदानी लगाएं, जो एक सुरक्षा कवच का काम करती है.
5.भोजन के अवशेष न फैलाएं: घर के बाहर जूठा खाना न फेंकें. खाने के लालच में चूहे आते हैं और चूहों का शिकार करने के लिए सांप आपके घर तक पहुंच जाते हैं.
ये भी पढ़ें: आपकी AC का बिल आ रहा है ज्यादा तो इस तरह करें इस्तेमाल, बचेंगें पैसे और ना ही होगा खराब!
जहरीले सांपों की पहचान कैसे करें?
आम तौर पर जहरीले सांपों का सिर त्रिकोणीय (triangular) होता है और उनकी आंखों की पुतलियां बिल्ली जैसी खड़ी लकीर की तरह हो सकती हैं. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि हर सांप को खतरनाक मानकर उससे दूरी बनाए रखना ही समझदारी है. भारत में रसेल्स वाइपर और कोबरा जैसे सांप गर्मी में अधिक आक्रामक हो जाते हैं.
सांप दिखने पर क्या करें, क्या न करें?
अगर घर में सांप दिख जाए तो घबराएं नहीं. उस पर नजर रखें लेकिन कम से कम 6-10 फीट की दूरी बनाए रखें. उसे डंडे या पत्थर से मारने की कोशिश न करें, क्योंकि चोट लगने पर सांप ज्यादा खतरनाक हो जाता है. तुरंत स्थानीय वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को फोन करें. याद रखें, सांप तभी काटता है जब उसे अपनी जान का खतरा महसूस होता है.
सांप के काटने पर तुरंत करें ये काम
यदि किसी को सांप काट ले, तो मरीज को डराएं नहीं और उसे शांत रखें. घाव के साथ छेड़छाड़ न करें और न ही उसे चूसकर जहर निकालने की कोशिश करें. बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं, जहां एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध हो. तांत्रिक या झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ना जानलेवा साबित हो सकता है.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

