Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Maha Kumbh: यहां कोई बड़ा-छोटा नहीं, कुंभ में महाराष्ट्र के पूर्व सीएम एकनाथ शिंदे ने लगाई डुबकी

एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महाकुम्भ 2025 का आयोजन न केवल सनातन परंपरा को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के भाव को भी सशक्त कर रहा है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Maha Kumbh: महाकुम्भ-2025 के अंतर्गत सोमवार को भी दिग्गजों के आने का क्रम लगातार जारी रहा. सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सपरिवार त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई. जीवनदायिनी, मोक्षदायिनी एवं पुण्य सलिला मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में स्नान कर उन्होंने महाकुम्भ की आध्यात्मिक चेतना का अनुभव किया. उनके अतिरिक्त, महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा गोपीनाथ मुंडे, चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार तथा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी सोमवार को त्रिवेणी संगम पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई. वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन और उनकी बेटी राशा थडानी भी सोमवार को महाकुम्भ मेला क्षेत्र पहुंचीं जहां उन्होंने परमार्थ निकेतन के शिविर में चिदानंद सरस्वती और अन्य साधु-संतों संग मुलाकात की. जबकि भोजपुरी सुपरस्टार, सीनियर एक्टर व गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने भी परिवार समेत त्रिवेणी संगम में आस्था की पवित्र डुबकी लगाई.

महाकुम्भ में कोई बड़ा-छोटा नहीः एकनाथ शिंदे

एकनाथ शिंदे सपरिवार प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वह वीआईपी घाट पहुंचे. यहां उन्होंने परिवार समेत विधिवत स्नान और पूजा-अराधना की. उन्होंने कहा कि महाकुम्भ 2025 को विश्व का सबसे बड़ा आयोजन बताते हुए कहा कि प्रयागराज पवित्र भूमि है, यहां सभी एक समान हैं. कोई बड़ा-छोटा नहीं, सभी को एक जैसा सम्मान मिलता है. यहां श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे यह महाकुम्भ दिव्य और भव्य बन रहा है और इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं.

वसुधैव कुटुम्बकम् के भाव को सशक्त कर रहा महाकुम्भ

एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महाकुम्भ 2025 का आयोजन न केवल सनातन परंपरा को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के भाव को भी सशक्त कर रहा है. प्रयागराज में जुटे संत, श्रद्धालु और साधकों के माध्यम से यह आयोजन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को विश्वभर में एक नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है. इससे पूर्व, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने तीर्थराज प्रयागराज आगमन पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का स्वागत किया और उन्हें कुंभ कलश प्रदान कर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अभिनंदन किया.

इन दिग्गजों ने भी सोमवार को लगाई आस्था की डुबकी

महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा गोपीनाथ मुंडे ने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया और योगी सरकार द्वारा महाकुम्भ मेले के प्रबंधन को सराहा. उन्होंने कहा कि 2027 में त्र्यंबकेश्वर (नासिक) में होने वाले कुंभ के लिए यहां की व्यवस्थाओं से सीख लेने आई हैं. संगम तट पर स्नान के बाद उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुम्भ में जिस सुव्यवस्थित ढंग से विशाल जनसमूह के प्रबंधन की व्यवस्था की है, वह प्रशंसनीय है. मैं यहां अध्ययन करने आई हूं ताकि 2027 में त्र्यंबकेश्वर कुंभ की तैयारी में इन अनुभवों का लाभ लिया जा सके. मैं योगी जी और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करती हूं.

वहीं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त  ज्ञानेश कुमार ने भी अपने परिवार के साथ प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई. इस अवसर पर उन्होंने माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया और सभी के कल्याण की कामना की. आस्था और श्रद्धा के इस क्षण को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मैं स्वयं को बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं. मैं अपने माता-पिता और परिवार के साथ माँ गंगा का आशीर्वाद लेने आया हूँ. माँ गंगा हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी त्रिवेणी संगम में स्नान कर योगी सरकार के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital