Mahakumbh traffic Jam: प्रयागराज में महाकुंभ के चलते भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे सभी प्रमुख सड़क मार्ग बुरी तरह जाम हो चुके हैं. यह आयोजनस्थल अब तक की सबसे भयावह भीड़ और ट्रैफिक जाम का सामना कर रहा है. कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लगी हुई हैं, जिससे यात्रियों को घंटों अपनी गाड़ियों में ही इंतजार करना पड़ रहा है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि प्रयागराज से कई किलोमीटर पहले ही लोगों को रोक दिया जा रहा है और पुलिस प्रशासन को लोगों से वापस लौटने की अपील करनी पड़ रही है.
माघ पूर्णिमा स्नान के चलते भारी भीड़
12 फरवरी, बुधवार को महाकुंभ में माघ पूर्णिमा का स्नान होना है, जिसके चलते करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचने के लिए अलग-अलग शहरों से निकल चुके हैं. इस वजह से प्रयागराज जाने वाले सभी मार्गों पर अत्यधिक भीड़ जमा हो गई है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है. ऐसे में यात्रियों को सतर्क रहने और सही मार्ग का चयन करने की जरूरत है.
इन रास्तों से बचें
- यदि आप प्रयागराज जाने का विचार बना रहे हैं, तो कुछ मार्गों से बचना ही बेहतर होगा.
- रीवा-प्रयागराज हाईवे: मध्य प्रदेश से प्रयागराज को जोड़ने वाला यह मार्ग सबसे अधिक प्रभावित है. यहां कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें लगी हुई हैं.
- इटावा-कानपुर मार्ग: दिल्ली-एनसीआर से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए यह मार्ग अत्यधिक भीड़भाड़ वाला है. इस रूट पर लंबा ट्रैफिक जाम है, जिससे बचना बेहतर रहेगा.
प्रयागराज पहुंचने के बेहतर विकल्प
- यात्रा 16 फरवरी के बाद करें: 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा स्नान के चलते भीड़ अत्यधिक है, जो कम होने में 2-3 दिन लग सकते हैं. ऐसे में 15 फरवरी के बाद यात्रा करना बेहतर होगा.
- सड़क मार्ग से बचें: वर्तमान में ट्रेन या फ्लाइट से प्रयागराज पहुंचना सबसे अच्छा विकल्प है.
- फ्लाइट और ट्रेन विकल्प: दिल्ली-एनसीआर से प्रयागराज के लिए फ्लाइट की अच्छी कनेक्टिविटी है. ट्रेन से यात्रा करने पर संगम तक पैदल जाना होगा.
- कम भीड़ वाले सड़क मार्ग: दिल्ली-एनसीआर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज जाना अपेक्षाकृत आसान रहेगा.आगरा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होते हुए चित्रकूट के रास्ते भी भीड़ कम मिलने की संभावना है.
यात्रा के दौरान ध्यान देने योग्य बातें
- यदि अपनी गाड़ी से यात्रा कर रहे हैं, तो खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था करें, क्योंकि भारी जाम की वजह से कई घंटों तक रुकना पड़ सकता है.
- ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं, तो हल्का सामान लेकर चलें, क्योंकि प्रयागराज पहुंचने के बाद कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

