Neil Armstrong House For Sale (AI IMAGE)
Neil Armstrong House For Sale: चांद की सतह पर पहला कदम रखकर इतिहास रचने वाले अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग (Neil Armstrong) का बचपन का घर बिक्री के लिए उपलब्ध हो गया है. अमेरिका के ओहायो (Ohio) राज्य के वापाकोनेटा (Wapakoneta) शहर में स्थित इस दो मंजिला ऐतिहासिक मकान की कीमत 430,000 डॉलर (लगभग 3.6 करोड़ रुपये) रखी गई है. लगभग 40 साल में यह पहली बार है जब यह संपत्ति रियल एस्टेट बाजार में आई है.
जहां बुने गए थे अंतरिक्ष में जाने के सपने
601 डब्ल्यू. बेंटन स्ट्रीट स्थित यह घर वर्ष 1908 में बना था. आर्मस्ट्रांग के परिवार ने इसे 1944 में खरीदा था, जब नील आर्मस्ट्रांग किशोरावस्था में थे.
- उड़ान का शुरुआती परीक्षण: आर्मस्ट्रांग अपने घर के डाइनिंग रूम में बालसा लकड़ी और गोंद से मॉडल हवाई जहाज बनाते थे. मॉडल प्लेन की टेस्टिंग के लिए उन्होंने बेसमेंट में एक विंड टनल भी बनाई थी.
- कमरे से उड़ाते थे प्लेन: आर्मस्ट्रांग अपने ऊपर वाले कमरे की खिड़की से मॉडल प्लेन उड़ाकर नापते थे कि वे कितनी दूर तक जा सकते हैं.
- 16 की उम्र में पायलट लाइसेंस: वे घर से साइकिल चलाकर पास की हवाई पट्टी पर फ्लाइंग लेसन लेने जाते थे और महज 16 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला सोलो फाइटर उड़ाया व पायलट लाइसेंस हासिल किया. इसके दो दशक बाद 1969 में उन्होंने अपोलो 11 (Apollo 11) मिशन के तहत चांद पर कदम रखा.
40 साल से रिटायर्ड टीचर ने संभाल रखी थी धरोहर
इस मकान की वर्तमान मालकिन 82 वर्षीय सेवानिवृत्त इतिहास शिक्षिका कावेन मिकेसेल (Karen Mikesell) हैं, जिन्होंने 1988 में इसे खरीदा था. जब उन्हें पता चला कि यह नील आर्मस्ट्रांग का घर है, तो उन्होंने इसे आर्मस्ट्रांग परिवार के समय जैसा ही सहेज कर रखने का संकल्प लिया.
इस घर में बाज एल्ड्रिन (Buzz Aldrin) समेत नौ प्रसिद्ध अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री दौरा कर चुके हैं. मिकेसेल को उम्मीद है कि नया खरीदार इस ऐतिहासिक धरोहर की महत्ता को समझेगा और इसे संरक्षित रखेगा.
यह भी पढ़ें-World Wide Web Day: जानिए कैसे शुरू हुई थी दुनिया की पहली वेबसाइट, टिम बर्नर्स-ली का क्या है सपना?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


