Bharat Express DD Free Dish

Kashi Vishwanath मंदिर में VIP दर्शन पर रोक, महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष नियम लागू

Kashi Vishwanath Temple: महाशिवरात्रि के दौरान तकरीबन 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचने की संभावना है. ऐसे में भारी भीड़ को देखते हुए वीआईपी एंट्री पर बैन लगा दिया गया है.

Kashi Vishwanath Temple

काशी विश्वनाथ मंदिर

Kashi Vishwanath Temple: नाथों के नाथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में महाशिवरात्रि के महाआयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में है. इस खास पर्व पर श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ के दर्शन में कोई दिक्कत न हो इसके लिए नियमों में कई बदलाव किए हैं. इन बदलाव के तहत श्रद्धालुओं के भीड़ के मद्देनजर 3 दिनों से लिए VIP दर्शन यानी प्रोटोकॉल व्यवस्था पर मंदिर न्यास ने रोक लगा दी है. इसके लिए बकायदा लिखित आदेश भी जारी कर दिया गया है.

श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए प्रशासन ने बनाया ये प्लान

काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि 25 फरवरी से 27 फरवरी के तक प्रोटोकॉल से दर्शन व्यवस्था को बंद किया गया है. महाकुंभ के अंतिम शाही स्नान महाशिवरात्रि के मौके पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पलट प्रवाह के कारण श्रद्धालुओं के भारी भीड़ के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है.

अगले 3 दिनों तक काशी विश्वनाथ में एंट्री बंद

काशी विश्वनाथ ट्रस्ट ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर देते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि पर मंगलवार से तीन दिनों तक प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था पर पूरी तरह से रोक रहेगी. मंदिर न्यास के अधिकारियों ने महाशिवरात्रि के लिए बनाई गई व्यवस्था में सहयोग की काशीवासियों से अपील की है. काशीवासियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की व्यवस्था में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.”

26 फरवरी को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद

दरअसल, पारंपरिक रूप से पर्व या किसी विशेष तिथि पर काशी विश्वनाथ धाम में पांच से छह लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते थे, लेकिन महाकुंभ शुरू होने के बाद से प्रतिदिन सात लाख या उससे अधिक भक्त मंदिर में दर्शन करने आते हैं. इस अवसर पर 26 फरवरी को श्रद्धालुओं की संख्या 14 से 15 लाख के बीच हो सकती है, जिससे भीड़ प्रबंधन में कई चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: महाशिवरात्रि का अमृत स्नान करने फिर उमड़ रहे श्रद्धालु, नया ट्रैफिक प्लान लागू; 43 दिन में 63 करोड़ ने डुबकी लगाई

इन 6 चीजों के साथ एंट्री बैन

मंदिर प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. मंदिर प्रशासन ने भक्तों से अपील की है कि वे अपनी सुविधानुसार समय लेकर दर्शन करें, क्योंकि कतार में विलंब हो सकता है. साथ ही, सलाह दी गई है कि पेन, कंघा, मोबाइल, बेल्ट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चाबी आदि सामान घर या होटल में छोड़कर आएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की अड़चन न आए.

वृद्ध और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं

महाशिवरात्रि के दिन, भक्तों को केवल झांकी दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. सुरक्षा प्रबंध में कड़ी इंतजाम किए गए हैं जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके. विशेष व्यवस्था के तहत वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा रखी गई है. गोदौलिया और मैदागिन से गोल्फ कार्ट या ई-रिक्शा द्वारा भी भक्त बाबा दरबार तक पहुंच सकते हैं. इसके अलावा, मंदिर के कर्मचारियों की सहायता से वृद्धजनों का जल्दी दर्शन कराकर उन्हें धाम क्षेत्र से बाहर निकालने का भी प्रबंध किया गया है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read