Char Dham Yatra 2026: उत्तराखंड की पहाड़ियों में एक बार फिर ‘हर-हर महादेव’ की गूंज सुनाई देने वाली है. विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा का बिगुल बज चुका है और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने को है. इस साल यात्रा का आगाज 19 अप्रैल से हो रहा है. अगर आप भी बाबा केदार के दर पर हाजिरी लगाने की तैयारी कर रहे हैं और पैदल चढ़ाई के बजाय हेलीकॉप्टर से सफर करना चाहते हैं, तो आज की यह खबर आपके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है.
आज शाम से खुलेगी बुकिंग की खिड़की
केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन बुकिंग आज यानी 11 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे से शुरू हो रही है. फिलहाल यह बुकिंग उन लोगों के लिए है जो 22 अप्रैल से 11 मई के बीच दर्शन करने का मन बना चुके हैं. बता दें कि केदारनाथ के लिए फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी इन तीन मुख्य जगहों से शटल सेवा उपलब्ध रहती है.
किराया कितना और कहां से होगी बुकिंग?
हेलीकॉप्टर का किराया इस बात पर निर्भर करेगा कि आप कौन सा रूट चुनते हैं. राउंड ट्रिप (आने-जाने) के लिए अनुमानित किराया कुछ इस तरह है:
सिरसी से: करीब ₹6,390
फाटा से: लगभग ₹10,164
गुप्तकाशी से: करीब ₹12,762
सबसे जरूरी बात यह है कि टिकट बुक करने के लिए किसी भी रैंडम साइट पर न जाएं. केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in ही एकमात्र सुरक्षित प्लेटफॉर्म है.
बुकिंग से पहले यह काम है अनिवार्य
टिकट बुक करने की रेस में शामिल होने से पहले सुनिश्चित कर लें कि आपने उत्तराखंड पर्यटन विभाग के पोर्टल पर अपना ‘चार धाम यात्रा पंजीकरण’ (Registration) करवा लिया है. बिना रजिस्ट्रेशन के आप हेलीकॉप्टर टिकट बुक नहीं कर पाएंगे. एक यूजर आईडी से एक बार में अधिकतम 6 टिकट ही बुक किए जा सकते हैं. अगर आप बड़े ग्रुप के साथ जा रहे हैं, तो आपको अलग-अलग बार लॉग-इन करना होगा.
साइबर ठगों के निशाने पर है आपकी श्रद्धा
जैसे ही बुकिंग शुरू होती है, वैसे ही इंटरनेट पर फर्जी वेबसाइटों की बाढ़ आ जाती है. ठग अक्सर लुभावने विज्ञापनों और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए लोगों को ‘सस्ते’ या ‘VIP’ टिकट का झांसा देते हैं. उत्तराखंड पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान कॉल या सोशल मीडिया के लिंक पर क्लिक न करें. अगर किसी कारणवश आपकी टिकट कैंसिल होती है, तो आधिकारिक पोर्टल से किया गया भुगतान 5 से 7 दिनों में वापस आपके खाते में आ जाता है.
ये भी पढ़ें- दुल्हन संग घर लौटे IITian बाबा, प्रेमानंद महाराज को लेकर कही बड़ी बात
कपाट खुलने का पूरा शेड्यूल
19 अप्रैल: यमुनोत्री और गंगोत्री धाम.
22 अप्रैल: केदारनाथ धाम.
23 अप्रैल: बद्रीनाथ धाम.
23 मई: हेमकुंड साहिब.
याद रहे, बाबा के दर की यह यात्रा जितनी पावन है, उतनी ही जरूरी आपकी सतर्कता भी है. अपनी बुकिंग केवल आधिकारिक साइट से ही करें और सुरक्षित सफर का आनंद लें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

