Urdu Conclave 2026

क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी: लॉस एंजेलिस 2028 में दिखेगा बल्ले-बॉल का जादू, पाकिस्तान का सपना रह सकता है अधूरा

लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में पहली बार क्रिकेट खेला जाएगा. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टीमों के चयन का नया फॉर्मेट तय किया है, जिसमें हर कॉन्टिनेंट से टॉप टीम को जगह मिलेगी. ऐसे में पाकिस्तान की राह मुश्किल होती दिख रही है.

Cricket in Los Angeles 2028 Olympics

Cricket in Los Angeles 2028 Olympics: एक सदी से भी ज्यादा वक्त के इंतजार के बाद क्रिकेट आखिरकार ओलंपिक में वापसी करने जा रहा है. साल 2028 में जब लॉस एंजेलिस में ओलंपिक खेलों का आगाज होगा, तो वहां क्रिकेट का रोमांच भी देखने को मिलेगा.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साफ कर दिया है कि इस मेगा इवेंट में पुरुषों और महिलाओं की 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी. यानी कुल 12 टीमें 1900 के पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार ओलंपिक मैदान में बल्ला घुमाती नजर आएंगी.

टीमों के चयन पर बड़ा फैसला

ICC ने शुक्रवार, 7 नवंबर को दुबई में हुई अपनी बोर्ड मीटिंग में टीम चयन के नए फॉर्मेट को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया. पहले यह तय था कि केवल ICC T20I रैंकिंग की टॉप 6 टीमें ही ओलंपिक में जगह बनाएंगी, लेकिन अब यह योजना बदल दी गई है.

नई व्यवस्था के तहत हर रीजन या कॉन्टिनेंट से एक शीर्ष टीम को ओलंपिक में सीधे एंट्री मिलेगी, जबकि छठी टीम ग्लोबल क्वालिफायर के जरिए चुनी जाएगी. इसका मतलब हुआ कि एशिया, ओशिनिया, यूरोप, अफ्रीका, अमेरिका जैसे सभी क्षेत्रों से एक-एक टीम का प्रतिनिधित्व होगा.

ये भी पढ़ें- IND vs AUS: मैदान पर भड़के सूर्या! एक बॉल पर लगा चौका तो शिवम दुबे पर फूट पड़ा कप्तान सूर्यकुमार यादव का गुस्सा, वीडियो वायरल

पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ीं

अब बात करें पाकिस्तान की तो उनका ओलंपिक में खेलना मुश्किल दिख रहा है. मौजूदा रैंकिंग के हिसाब से एशिया से भारत की जगह लगभग तय मानी जा रही है. वहीं ऑस्ट्रेलिया ओशिनिया से, इंग्लैंड यूरोप से और साउथ अफ्रीका अफ्रीका से क्वालिफाई करेंगे.

होस्ट होने के नाते अमेरिका (USA) को भी एक स्लॉट मिल सकता है. हालांकि वेस्टइंडीज भी उसी क्षेत्र से क्वालिफिकेशन के लिए दावेदार है. इस स्थिति में पाकिस्तान को ग्लोबल क्वालिफायर का रास्ता अपनाना पड़ सकता है और अगर वहां चूक हुई तो ओलंपिक में उनका खेलना मुश्किल होगा.

12 जुलाई 2028 से होगा आगाज

ICC ने अपनी मीटिंग के बाद कहा कि ओलंपिक में क्रिकेट की एंट्री महिला क्रिकेट की वैश्विक सफलता का नतीजा है. ओलंपिक 2028 में पुरुष और महिला दोनों के T20 फॉर्मेट में कुल 28 मुकाबले खेले जाएंगे. इस टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जुलाई 2028 से होगी और इसका आयोजन लॉस एंजेलिस में किया जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read