Gautam Gambhir Ultimatum: श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय खेमे में माथापच्ची तेज हो गई है. कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्लेइंग इलेवन में नंबर-6 की पोजीशन पर किसे उतारा जाए. इस एक जगह के लिए युवा बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और ताबड़तोड़ अंदाज के लिए मशहूर सरफराज खान के बीच कड़ी टक्कर चल रही है लेकिन जिस तरह का हालिया प्रदर्शन रहा है उससे जुरेल की मुश्किलें बढ़ती हुई साफ नजर आ रही हैं.
खराब फॉर्म से बढ़ा जुरेल पर दबाव
टीम इंडिया में ऋषभ पंत पहली पसंद के विकेटकीपर हैं जिसके चलते जुरेल को कई मौकों पर बतौर विशेषज्ञ बल्लेबाज ही मैदान पर उतरना पड़ा है. हालांकि पिछले कुछ मैचों में उनका बल्ला खामोश ही रहा है. आंकड़े बताते हैं कि जुरेल अपनी पिछली छह टेस्ट पारियों में एक भी अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाए हैं. पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई घरेलू सीरीज हो या फिर जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट, जुरेल का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक बिल्कुल नहीं रहा. अफगानिस्तान के खिलाफ वे सिर्फ 19 रन ही बना सके थे और हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैचों में भी वे दोनों पारियों में 1 और 17 रन बनाकर आउट हो गए. इन सब के चलते 10 टेस्ट खेलने के बाद उनका बल्लेबाजी औसत गिरकर 34.14 पर आ गया है.
ये भी पढ़ें- क्या श्रीलंका के गढ़ में उन्हें हरा पाएगा चोटिल भारत? WTC फाइनल को लेकर टीम इंडिया की बढ़ी धड़कने
सरफराज खान की मजबूत दावेदारी
ध्रुव जुरेल के लिए परेशानी का सबसे बड़ा सबब सरफराज खान की मौजूदगी है. सरफराज ने जुरेल से भले ही चार टेस्ट मैच कम खेले हों लेकिन उनके नाम उतने ही शतक और दो अर्धशतक ज्यादा दर्ज हैं. ऐसे में जब कप्तान गिल और कोच गंभीर श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे तो उनके पास सरफराज के रूप में एक बेहद आक्रामक और भरोसेमंद विकल्प मौजूद रहेगा.
फिलहाल गॉल की पिच और टीम के कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि मैनेजमेंट किस पर भरोसा जताता है. अगर जुरेल को अंतिम ग्यारह में मौका मिलता भी है तो उनके लिए यह सीरीज करियर बचाने जैसी होगी क्योंकि जरा सी चूक उन्हें लंबे समय के लिए टीम से बाहर कर सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


