Bharat Express DD Free Dish

स्टोक्स, रोहित और केन के बाद नया दौर: Gen Z के हाथों क्रिकेट की दुनिया, इसी ‘कौम’ से चार कप्तान

GEN Z Cricket Captain: बेन स्टोक्स, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केन विलियमसन और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गजों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से हटने के बाद विश्व क्रिकेट में नई पीढ़ी के कप्तानों का दौर शुरू होता दिख रहा है. जानिए कौन हैं वे GEN Z खिलाड़ी जो भविष्य की कमान संभाल सकते हैं.

GEN Z Cricket Captain

GEN Z Cricket Captain: पिछले कुछ वर्षों में विश्व क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलग-अलग फॉर्मेट से संन्यास लिया है. रविवार (28 जून) को इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद यह बहस और तेज हो गई है कि क्या अब क्रिकेट की कमान पूरी तरह GEN Z खिलाड़ियों के हाथों में जाती दिख रही है.

एक समय था जब विराट कोहली, रोहित शर्मा, बेन स्टोक्स, केन विलियमसन और डेविड वार्नर जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों की पहचान थे. अब इन दिग्गजों के अंतरराष्ट्रीय करियर के अंत के साथ नई पीढ़ी के कप्तानों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है.

कौन हैं वे दिग्गज जिन्होंने छोड़ी कप्तानी और क्रिकेट?

विश्व क्रिकेट पिछले दो वर्षों में एक बड़े बदलाव के दौर से गुजरा है. कई ऐसे दिग्गज खिलाड़ी, जिन्होंने पिछले एक दशक तक अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी, अब मैदान से विदा ले चुके हैं. इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने 28 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने शानदार करियर का अंत किया. वहीं, न्यूज़ीलैंड के सबसे सफल कप्तानों में शामिल केन विलियमसन ने 12 जून 2026 को सभी फॉर्मेट के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी 25 जून 2024 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी. इन खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीमों को कई ऐतिहासिक जीत दिलाईं और आधुनिक क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में अपनी पहचान बनाई.

भारतीय क्रिकेट में भी एक युग का अंत देखने को मिला. रोहित शर्मा ने 29 जून 2024 को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया और इसके बाद 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया. हालांकि, वह अभी भी भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन कप्तान के रूप में नहीं बल्कि एक वरिष्ठ खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं, विराट कोहली ने 29 जून 2024 को टी20 विश्व कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया और 13 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से भी रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. कोहली भी फिलहाल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन कप्तानी की जिम्मेदारी अब उनके पास नहीं है. इन दिग्गजों के संन्यास और कप्तानी से हटने के साथ ही विश्व क्रिकेट में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए नेतृत्व का नया दौर शुरू होता दिखाई दे रहा है.

अब GEN Z कप्तानों पर होगी नजर

  1. शुबमन गिल (भारत)
    जन्म: 8 सितंबर 1999
    भारतीय वनडे टीम के कप्तान.
    भारतीय क्रिकेट के अगले बड़े सुपरस्टार और भविष्य के लंबे समय के कप्तान माने जा रहे हैं.
  2. हैरी ब्रूक (इंग्लैंड)
    जन्म: 22 फरवरी 1999
    इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं.
    आक्रामक बल्लेबाजी के साथ आधुनिक क्रिकेट का नया चेहरा माने जाते हैं.
  3. मेहदी हसन मिराज (बांग्लादेश)
    जन्म: 25 अक्टूबर 1997
    बांग्लादेश की वनडे टीम की कमान संभाल चुके हैं.
    ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं.
  4. सोफी मोलिनक्स (ऑस्ट्रेलिया)
    जन्म: 17 जनवरी 1998
    ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट की नई नेतृत्वकर्ता खिलाड़ियों में शामिल.
    अपनी स्पिन गेंदबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं.

क्या सच में GEN Z का दौर शुरू हो गया है?

GEN Z आमतौर पर 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोगों को माना जाता है. ऐसे में 1997, 1998 और 1999 में जन्मे ये नए कप्तान इसी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं. क्रिकेट में अब रणनीति, फिटनेस, डेटा एनालिटिक्स और आक्रामक खेलने की शैली पहले से कहीं ज्यादा अहम हो चुकी है. नई पीढ़ी के कप्तान इन सभी पहलुओं के साथ मैदान पर उतर रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दशक में विश्व क्रिकेट की दिशा यही युवा खिलाड़ी तय करेंगे.


ये भी पढ़ें: कौन हैं जय मूंदड़ा? जिसके तूफान में उड़ गए भारत के 11 खिलाड़ी, आयरलैंड से हार के बाद श्रेयस की कप्तानी पर लगा सबसे बड़ा दाग


विराट कोहली, रोहित शर्मा, बेन स्टोक्स, केन विलियमसन और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गजों के युग के बाद विश्व क्रिकेट एक नए दौर में प्रवेश करता दिख रहा है. शुभमन गिल, हैरी ब्रूक, मेहदी हसन मिराज और सोफी मोलिनेक्स जैसे GEN Z कप्तानों के कंधों पर अब अपनी-अपनी टीमों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की जिम्मेदारी होगी. आने वाले कुछ साल तय करेंगे कि क्या यह पीढ़ी भी अपने पूर्ववर्तियों की तरह क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा पाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read