Bharat Express DD Free Dish

स्मॉग बना विलेन! 3 बोरी गेहूं बेचकर खरीदा था टिकट, बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ मैच, फूटा फैंस का गुस्सा

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया. खराब विजिबिलिटी और प्रदूषण के कारण अंपायरों ने यह फैसला लिया. स्टेडियम के बाहर फैंस ने जमकर हंगामा किया.

IND vs SA 4th T20I

IND vs SA 4th T20I: क्रिकेट के दीवानों के लिए लखनऊ का इकाना स्टेडियम बुधवार की रात एक मायूसी भरी खबर लेकर आया. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी-20 मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द करना पड़ा. वजह न तो बारिश थी और न ही खराब आउटफील्ड, बल्कि विलेन बना ‘उत्तर भारत का कोहरा और स्मॉग’. लखनऊ में धुंध की चादर इतनी घनी थी कि मैदान पर खिलाड़ियों का एक-दूसरे को देख पाना भी दूभर हो गया था.

इतिहास में पहली बार स्मॉग बना रुकावट

शायद क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका होगा जब किसी अंतरराष्ट्रीय मैच को खराब हवा और स्मॉग की वजह से रद्द किया गया हो. बुधवार को लखनऊ का AQI 300 के पार पहुंच गया था, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है.

शाम 7 बजे मैच शुरू होना था, लेकिन मैदान पर विजिबिलिटी शून्य के बराबर थी. रात साढ़े 9 बजे तक कुल छह बार अंपायरों ने मैदान का मुआयना किया. बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला खुद तीन बार अंपायरों के साथ पिच तक गए, लेकिन अंत में खेल की सुरक्षा को देखते हुए मैच रद्द करने का फैसला लेना पड़ा.

‘तीन बोरी गेहूं बेचकर आया था’ – फैंस का छलका दर्द

मैच रद्द होने की घोषणा होते ही स्टेडियम के बाहर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक क्रिकेट प्रेमी का दर्द देख हर कोई भावुक है. उस फैन ने कैमरे के सामने रोते हुए कहा, “साहब, मैं गरीब आदमी हूं, मैंने तीन बोरी गेहूं बेचकर मैच का टिकट खरीदा था कि अपनी टीम को खेलते देखूंगा, अब मुझे मेरे पैसे वापस चाहिए.”

स्टेडियम के बाहर ऐसे सैकड़ों फैंस जमा थे जिनका दिल टूट चुका था. किसी ने अपनी जमापूंजी खर्च की थी तो कोई सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करके लखनऊ पहुंचा था. लोगों का कहना था कि जब प्रदूषण और कोहरे का पहले से अंदाजा था, तो ऐसे मौसम में उत्तर भारत में मैच रखने की क्या जरूरत थी?

क्या वापस मिलेंगे पैसे?

फैंस की नाराजगी के बीच यूपीसीए (UPCA) की ओर से एक राहत भरी खबर आई है. एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने साफ किया है कि नियमानुसार अगर मैच रद्द होता है, तो दर्शकों को टिकट का पूरा पैसा रिफंड किया जाता है. इस मैच के लिए भी रिफंड की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी, ताकि उन लोगों को राहत मिल सके जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई इस मुकाबले के लिए खर्च की थी.

ये भी पढ़ें- भारत-साउथ अफ्रीका के चौथे टी20 पर कोहरे का कहर, धुंध के कारण मैच रद्द

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read