IND VS SA: दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबले में मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए भारत के सामने 188 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है. शुरुआती झटकों के बावजूद अफ्रीकी बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया और अंतिम ओवरों में आक्रामक शॉट्स लगाकर टीम को प्रतिस्पर्धी स्थिति में पहुंचाया. भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन डेथ ओवर्स में रनगति पर पूरी लगाम नहीं लगा सके.
अब सभी की निगाहें भारतीय बल्लेबाजी पर टिकी हैं कि क्या टीम इस बड़े लक्ष्य को हासिल कर जीत दर्ज कर पाएगी या दक्षिण अफ्रीका अपनी गेंदबाजी के दम पर मुकाबला अपने नाम करेगी.
साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. पारी की शुरुआत क्विंटन डिकॉक और एडेन मार्करम ने की, लेकिन दूसरे ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने डिकॉक (6 रन) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके तुरंत बाद अर्शदीप सिंह ने मार्करम को पवेलियन भेज दिया. उस समय टीम का स्कोर महज 12 रन था. बुमराह ने अपना दूसरा शिकार रयान रिकेल्टन (7 रन) के रूप में किया और पावरप्ले के छह ओवरों में साउथ अफ्रीका का स्कोर 41/3 हो गया.
इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने पारी को संभाला. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 97 रनों की अहम साझेदारी हुई. ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन 13वें ओवर में शिवम दुबे ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा.
मिलर ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और 35 गेंदों में 63 रन बनाए. हालांकि 16वें ओवर में वरुण ने उनका विकेट लेकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. 18वें ओवर में अर्शदीप ने जानसेन को चलता किया, जबकि 19वें ओवर में बुमराह ने एक और विकेट झटक लिया. अंत में ट्रिस्टन स्टब्स की उपयोगी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में 188 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
बुमराह रहे सबसे सफल गेंदबाज
भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले, जबकि वरुण और शिवम दुबे ने 1-1 सफलता हासिल की.
ये भी पढ़ें: PAK के पूर्व कप्तान बाबर आजम की धीमी बैटिंग पर भड़के शोएब अख्तर, बोले- ‘इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं…’
IND vs SA टी20 प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

