India Semi-Final Equation: रविवार (22 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत ने अपनी सबसे बड़ी हार का सामना किया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से टीम इंडिया को मुंह की खानी पड़ी. इस हार के बाद मेजबान टीम के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल होती नजर आ रही है. इस राह पर कांटों का काम वेस्टइंडीज की टीम ने कर दिया है. आइए जानते हैं टीम इंडिया का सेमीफाइनल में जाने वाला गणित.
वेस्टइंडीज ने खेल बिगाड़ा
सोमवार (23 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एकतरफा मुकाबला देखने को मिला. वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज ने 254 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया. टारगेट का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम 147 रन पर पवेलियन लौट गई. वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 107 रन के बड़े अंतर से जीता, जिसके बाद टीम का रन रेट +5 के पार पहुंच गया, यानी साउथ अफ्रीका से भी ज्यादा. इस जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम अंक तालिका में अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई.
अब रन रेट से आगे निकल गया खेल
सुपर 8 के पहले मुकाबले में हार झेलने के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह काफी मुश्किल हो गई है. वेस्टइंडीज की हालिया जीत ने समीकरण और पेचीदा कर दिए हैं. अगर मान लें कि भारत अपने बाकी दोनों मुकाबले, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत भी लेता है, तब भी उसका नेट रन रेट -3 से ऊपर लाकर साउथ अफ्रीका या वेस्टइंडीज की बराबरी करना बेहद कठिन होगा. मौजूदा स्थिति को देखते हुए दो जीत के बाद भारत का नेट रन रेट पॉजिटिव में पहुंच जाए, यही बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी.
ऐसे में यदि भारत, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका तीनों टीमें दो-दो मैच जीत लेती हैं, तो बेहतर रन रेट के आधार पर साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना ज्यादा रहेगी.
मैच से पहले सेमीफाइनल की तस्वीर साफ?
भारत के लिए एकमात्र स्पष्ट रास्ता यही है कि वह अपने दोनों मैच जीते और साथ ही साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज को हराए. दिलचस्प बात यह है कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का मुकाबला भारत के मैदान पर उतरने से ठीक पहले खत्म होगा. यानी टीम इंडिया को मैच से पहले ही यह अंदाजा हो जाएगा कि सेमीफाइनल की तस्वीर क्या है.
ये भी पढ़ें: रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेंगे? टीम के कोच सितांशु कोटक ने दिया बड़ा अपडेट
सेमीफाइनल के लिए एक और रास्ता (India Semi-Final)
एक और मुश्किल लेकिन संभव समीकरण भी है. अगर वेस्टइंडीज साउथ अफ्रीका को हरा दे, तो भारत को उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे साउथ अफ्रीका को मात दे. ऐसी स्थिति में साउथ अफ्रीका 2 अंकों पर ही रुक जाएगी और भारत अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंकों के साथ वेस्टइंडीज के साथ सेमीफाइनल में जगह बना सकता है.
हालांकि एक संभावना यह भी है कि भारत दोनों मुकाबले इतने बड़े अंतर से जीते कि नेट रन रेट में बाकी टीमों को पीछे छोड़ दे, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा हो पाना बेहद कठिन नजर आता है. अब भारत के लिए हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा बन चुका है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




