Bharat Express DD Free Dish

19 रन की जीत, 19वां गोल्ड! एशियन गेम्स फाइनल में PAK को भारत ने चटाई धूल

Asian Games 2026 Final: भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीत लिया. अभिषेक शर्मा ने 61 और तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए.

IND vs PAK Final india win gold medal

एशियन गेम्स में आया क्रिकेट का गोल्ड

IND vs PAK Final: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल नाम कर लिया है. निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर एशियन गेम्स में क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता. कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी.

हसन नवाज की तूफानी पारी नहीं दिला सकी जीत

212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ा गई. साहिबजादा फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उस्मान खान के खाते में 3 रन आए. माज सदाकत ने 23 रन बनाए, लेकिन वह पारी को नहीं ले जा सके. पाकिस्तान ने 39 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे.

इसके बाद सैम अयूब और हसन नवाज ने पारी संभाली. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 87 रन जोड़कर पाकिस्तान की वापसी कराई. अयूब 29 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार बने. दूसरी तरफ हसन नवाज ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 51 गेंदों में 96 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत के लिए अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए.

अभिषेक और तिलक ने मचाया धमाल

इससे पहले भारत की शुरुआत नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी 15 रन, संजू सैमसन 2 रन, कप्तान श्रेयस अय्यर 21 रन और ईशान किशन 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और 28 गेंदों में 61 रन की पारी खेली. उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के लगाए.


ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: आखिरी दिन भारत का शानदार आगाज, 17 साल की कुमकुम ने दिलाया 17वां गोल्ड


अभिषेक के बाद तिलक वर्मा ने रन जुटाए. उपकप्तान ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उन्होंने शिवम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की. दुबे ने 27 रन बनाए. इसी साझेदारी की बदौलत भारत 200 रन के पार पहुंचा. पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट लिए. फाइनल हारने के बावजूद पाकिस्तान को सिल्वर मेडल मिला.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read