Why Telegram CEO Warned iPhone Users: अक्सर हमें लगता है कि जब तक हम कोई अनजान ऐप या संदिग्ध फाइल डाउनलोड नहीं करते, तब तक हमारा फोन सुरक्षित है. लेकिन साइबर खतरे अब इससे कहीं आगे निकल चुके हैं. मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के सीईओ पावेल ड्यूरोव ने iPhone यूजर्स को लेकर नई चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि महज एक वेबसाइट खोलने से भी फोन हैक हो सकता है. खासकर जिन लोगों के iPhone का सॉफ्टवेयर पुराना है, उन पर यह जोखिम ज्यादा माना जा रहा है.
एक्स पोस्ट और ऐप अलर्ट के जरिए दी गई चेतावनी
पावेल ड्यूरोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट लिखकर बताया कि बड़े स्तर पर iPhone यूजर्स को निशाना बनाया जा रहा है और पुराने iOS वर्जन चलाने वालों का निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है. इस चेतावनी के बाद टेलीग्राम ने भी अपने ऐप के जरिए पुराने iOS वर्जन वाले यूजर्स को अलर्ट भेजना शुरू कर दिया है, ताकि लोग जल्द से जल्द लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट कर सकें. सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम की खामियां हैकर्स के लिए रास्ता खोल देती हैं और कई बार यूजर्स को भनक तक नहीं लगती कि फोन में सेंध लग चुकी है.
बिना डाउनलोड के कैसे होता है वेब-आधारित हमला?
हैकर कई बार ऐसी वेबसाइट तैयार करते हैं जिनमें खास तरह का नुकसानदेह वेब कंटेंट छिपा होता है. यदि किसी फोन में पुराना iOS चल रहा है और उसमें कोई सुरक्षा कमी मौजूद है, तो हैकर उसका फायदा उठा सकते हैं. ऐसे मामलों में किसी ऐप या फाइल को अलग से इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं पड़ती; सिर्फ संक्रमित वेबसाइट खोलना या किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना भी खतरा पैदा कर सकता है. ऐपल भी पहले अपनी सुरक्षा सलाह में पुराने iOS को निशाना बनाने वाले वेब हमलों का जिक्र कर चुका है और पैच जारी कर यूजर्स को अपडेट करने की सलाह देता रहा है.
अपना iPhone सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
खतरे से बचने का सबसे सीधा तरीका फोन को हमेशा लेटेस्ट iOS वर्जन पर अपडेट रखना है. इसके लिए Settings में जाकर General चुनें और फिर Software Update पर टैप कर नया अपडेट इंस्टॉल करें. आप चाहें तो Automatic Updates ऑन कर सकते हैं, जिससे जरूरी सुरक्षा अपडेट अपने आप डलते रहें. इसके साथ ही अनजान लिंक और संदिग्ध वेबसाइट्स से दूरी बनाए रखना भी बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बजट 2027-28 में शिक्षा, AI और रोजगार पर रह सकता है फोकस, कक्षा 5 तक हर बच्चे को अखबार पढ़ने लायक बनाने का सुझाव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




